वाराणसी में सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे युवा, शास्त्री घाट पर किया उपवास
वाराणसी। देश के प्रख्यात इंजीनियर एवं शिक्षाविद् सोनम वांगचुक के समर्थन में वाराणसी में एक दिवसीय भूख हड़ताल आयोजित की गई। जिला मुख्यालय स्थित शास्त्री घाट पर बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी महानगर एवं जिला इकाई के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों पर कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष अमन यादव और जिला अध्यक्ष जितेंद्र यादव (मलिक) ने किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुजीत यादव 'लक्कड़ पहलवान' समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और युवाओं ने हिस्सा लिया।
महानगर अध्यक्ष अमन यादव ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं करोड़ों छात्र-छात्राओं और युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हैं। सरकार को इस गंभीर मुद्दे पर जवाबदेही तय करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए और युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना चाहिए।
जिला अध्यक्ष जितेंद्र यादव (मलिक) ने कहा कि सोनम वांगचुक लोकतांत्रिक तरीके से छात्रों और युवाओं की आवाज उठा रहे हैं। सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए, ताकि युवाओं का सरकार पर विश्वास कायम रहे।
वहीं, सपा जिला अध्यक्ष सुजीत यादव 'लक्कड़ पहलवान' ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण आंदोलन हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जनभावनाओं की लगातार अनदेखी करती रही, तो आंदोलन को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सोनम वांगचुक के संघर्ष के प्रति समर्थन जताते हुए सरकार से छात्र-युवाओं के हित में जल्द निर्णय लेने की मांग की।
