जीरो डोज़र बच्चों तक टीकाकरण पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता: सीएमओ, वाराणसी में अधिकारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
वाराणसी। जनपद में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जीरो डोज़र बच्चों की पहचान कर उन्हें समयबद्ध रूप से टीकाकरण सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में गावी-जेएसआई के सहयोग से दो दिवसीय जिला स्तरीय ओरिएंटेशन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला, नगरीय एवं ग्रामीण ब्लॉक स्तर के स्वास्थ्य अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार ने की। इस दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया, डॉ. नवीन सिंह, एसीएमओ डॉ. मौर्या, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी हरिवंश यादव, डीसीपीएम समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश जीरो डोज़र इम्प्लीमेंटेशन प्लान, जीरो डोज़र बच्चों की पहचान एवं कन्वर्ज़न रणनीति, सामुदायिक जागरूकता, सीएसओ की सहभागिता, रिपोर्टिंग एवं डॉक्यूमेंटेशन, रूटीन इम्यूनाइजेशन कम्युनिकेशन प्लानिंग, बाल आभा आईडी निर्माण, फ्रंटलाइन वर्कर्स की क्षमता वृद्धि, अंतरविभागीय समन्वय तथा नियमित टीकाकरण सेवाओं के प्रभावी संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही रूटीन इम्यूनाइजेशन सर्विलांस पर भी विशेष चर्चा हुई।
सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे तक समय पर टीकाकरण सेवाएं पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जीरो डोज़र बच्चों की पहचान कर उन्हें नियमित टीकाकरण से जोड़ना जनस्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। इसके लिए सभी विभागों, फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कर्मियों और सहयोगी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण में मिली जानकारी को फील्ड स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया, ताकि शत-प्रतिशत टीकाकरण कवरेज का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने कहा कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की सफलता सही माइक्रोप्लानिंग, समयबद्ध रिपोर्टिंग, यू-विन प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग और समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जीरो डोज़र बच्चे की पहचान कर उसे पूर्ण टीकाकरण से जोड़ना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम फील्ड स्तर पर कार्यरत टीमों की क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रशिक्षण का तकनीकी संचालन यूनिसेफ के मंडल समन्वयक आलोक कुमार राय, जेएसआई-गावी की जिला समन्वयक गुरदीप कौर, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. महेंद्र सोनी तथा जेएसआई-गावी के एसडीसी सुनील पटेल ने किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के साथ तकनीकी एवं व्यवहारिक विषयों पर विस्तृत संवाद भी किया गया।
