Movie prime

15 साल का प्यार, फिर धोखा…व्हाट्सएप मैसेज से खुला नया एंगल, नोएडा वैलेंटाइन डे सुसाइड केस में सामने आई चौंकाने वाली वजह

 
Noida Suicide Case
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेक्टर-107 स्थित दादरी रोड पर कार के अंदर युवक-युवती की संदिग्ध मौत के मामले में जांच ने नया मोड़ ले लिया है। शुरुआती आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस को युवक के मोबाइल फोन से एक व्हाट्सएप नोट मिला है, जिसने केस की दिशा बदल दी है।

व्हाट्सएप मैसेज से खुला नया एंगल

पुलिस के मुताबिक मृतक सुमित कुमार के फोन से एक व्हाट्सएप मैसेज मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए रेखा को जिम्मेदार ठहराया है। मैसेज में लिखा था कि वह 15 साल से रिश्ते में थे और शादी करने वाले थे, लेकिन अब रेखा किसी और से शादी करने जा रही है, जिससे वह आहत है। यह संदेश परिवार को भेजा गया था।

इस मैसेज के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि सुमित ने पहले रेखा को गोली मारी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

क्या था पूरा मामला?

घटना शनिवार (14 फरवरी) दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच की है। सफाई कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी कि सड़क किनारे खड़ी एक कार में युवक और युवती के शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कार के दरवाजे अंदर से बंद थे। शीशा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

15 साल पुराना रिश्ता, शादी पर था विवाद

जानकारी के मुताबिक सुमित दिल्ली के त्रिलोकपुरी का रहने वाला था। वह मिनरल वाटर प्लांट चलाता था और मंडल स्तर का क्रिकेटर भी रह चुका था। वहीं रेखा नोएडा के सेक्टर-101 सलारपुर की निवासी थी और एक आईटी कंपनी में कार्यरत थी।

दोनों पिछले 15 साल से एक-दूसरे को जानते थे और रिश्ते में थे। सुमित के परिवार को इस रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन अलग-अलग जाति होने के कारण रेखा का परिवार शादी के लिए तैयार नहीं था। इस बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कई बार विवाद भी हुआ और मामला थाने तक पहुंचा था।

बताया जा रहा है कि हाल ही में रेखा के किसी और से शादी करने के फैसले ने सुमित को गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया था। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

फिलहाल इस दर्दनाक घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और दोनों परिवारों में मातम का माहौल है।