Movie prime

गोरखपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, 16 वर्षीय किशोर ने की बड़े भाई, भाभी और मासूम भतीजे की हत्या, फिर कमरे में दुबक कर बैठा रहा

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में सोमवार तड़के हुए एक तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। आरोप है कि एक 16 वर्षीय किशोर ने अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की सोते समय धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी घर की ऊपरी मंजिल पर जाकर छिप गया, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

मृतकों की पहचान अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और तीन वर्षीय पुत्र रेयांश गुप्ता के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

रात 3 बजे कमरे में घुसकर किया हमला

पुलिस के अनुसार, परिवार दो मंजिला मकान में रहता था। नीचे की मंजिल पर अमित अपने परिवार और माता-पिता के साथ रहते थे, जबकि आरोपी किशोर ऊपर के कमरे में रहता था।

बताया जा रहा है कि सोमवार तड़के करीब तीन बजे आरोपी अपने बड़े भाई के कमरे में पहुंचा और सो रहे अमित, उनकी पत्नी रंजना और बेटे रेयांश पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

9 वर्षीय भतीजी ने देखा पूरा घटनाक्रम

घटना के समय कमरे में मौजूद अमित की नौ वर्षीय बेटी ज्योति उर्फ रूबिका ने कथित तौर पर पूरे घटनाक्रम को देखा। बच्ची के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए। इसके बाद आरोपी मौके से निकलकर घर की ऊपरी मंजिल पर चला गया।

परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को खून से सने हथियार के साथ हिरासत में ले लिया।

दुकान के विवाद की आशंका

प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। मृतक अमित के पिता हरीलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि परिवार की एक दुकान को लेकर दोनों भाइयों के बीच तनाव चल रहा था। अमित पिछले दो वर्षों से दुकान संभाल रहे थे, जिससे छोटा बेटा नाराज रहता था।

उन्होंने यह भी बताया कि कुछ समय पहले आरोपी ने व्यवसाय शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की थी। इस बात को लेकर घर में विवाद हुआ था और मामला थाने तक पहुंचा था, जहां बाद में समझौता करा दिया गया था।

पुलिस कर रही पूछताछ

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है।