Movie prime

224 ग्राम सोना दिया, मिली नकली मूर्ति! वाराणसी में सराफ पर ठगी और सोना गायब करने का केस दर्ज

वाराणसी में नकली सोने की गणेश मूर्ति और चांदी के सिंहासन के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने सराफ पर धोखाधड़ी और सोना चोरी का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 
चौक क्षेत्र
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: चौक क्षेत्र में एक चौंकाने वाला धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां सोने की गणेश मूर्ति और चांदी के सिंहासन के निर्माण के नाम पर ठगी का आरोप लगाते हुए सराफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

भरोसे पर दिया गया सोना, बदले में मिला फर्जी सामान

पीड़ित समीर कुमार तिवारी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके गुरु स्वामी निर्विकल्पानंद सरस्वती ने मई 2022 में चौक क्षेत्र के सुड़िया ठठेरीबाजार गली स्थित एक आभूषण कारोबारी को 224 ग्राम सोना सौंपा था। इसके साथ ही आदेश दिया गया था कि वह अतिरिक्त सोना मिलाकर करीब 561.410 ग्राम की गणेश जी की मूर्ति तैयार करे और अलग से भुगतान लेकर 766 ग्राम चांदी का सिंहासन व छत्र बनाए।

शक तब हुआ जब मूर्ति की गुणवत्ता पर उठे सवाल

जब तैयार मूर्ति सौंपी गई तो उसके आकार और गुणवत्ता को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ। सराफ ने इसे सही बताते हुए किसी बदलाव के लिए बाद में सुधार का आश्वासन दिया। हालांकि मूर्ति को स्थापित करने से पहले ही उसे जांच के लिए दूसरे स्वर्णकार के पास ले जाया गया।

जांच में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई

दूसरे स्वर्णकार ने जांच के बाद बताया कि मूर्ति में शुद्ध सोना नहीं है, बल्कि उसमें बेहद कम मात्रा- करीब 2 प्रतिशत ही सोना पाया गया। इससे पूरे मामले में ठगी और सोना हड़पने की आशंका गहरा गई।

आरोपी पर धमकी देने का भी आरोप

पीड़ित का आरोप है कि जब वह इस संबंध में आरोपी सराफ के पास पहुंचा तो उसे न केवल अपशब्द कहे गए, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू

चौक थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सराफ राजेश वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।