Movie prime

घूमते-फिरते बनाते थे शिकार, नकली सोने से 16 लाख की ठगी का खुलासा, 7 गिरफ्तार

चंदौली में नकली सोना दिखाकर 16 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर 15.80 लाख रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों ने असली सोने के नाम पर झांसा देकर ज्वैलर को निशाना बनाया था।

 
चंदौली
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

चंदौली: चंदौली में पुलिस ने एक संगठित ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने सुनियोजित तरीके से नकली सोना दिखाकर एक ज्वैलर से 16 लाख रुपये ठग लिए थे। मामले का खुलासा सदर क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार ने पुलिस लाइन में किया।

पहले जीता भरोसा, फिर दिया बड़ा झटका

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए असली सोने के छोटे दाने बेचे। इसके बाद उन्होंने ज्यादा मात्रा में सोना देने का लालच देकर ज्वैलर से मोटी रकम ले ली। लेकिन जब पोटली खोली गई, तो उसमें सोने की जगह नकली चमकदार धातु के टुकड़े निकले।

घटना के बाद फरार हुआ गिरोह

यह घटना 23 अप्रैल को चकिया थाना क्षेत्र के बरहुवां गांव में शशि ज्वैलर्स के संचालक के साथ हुई थी। घटना के बाद आरोपी परिवार सहित फरार हो गए थे। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की मदद से बेलावर क्षेत्र के पास छापेमारी कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ओडिशा से जुड़े हैं आरोपी, घूम-घूमकर करते थे ठगी

पुलिस के अनुसार, यह एक खानाबदोश गिरोह है, जो खुद को ओडिशा की सोने की खदानों में काम करने वाला बताता था। ये लोग अलग-अलग इलाकों में घूमकर लोगों को सस्ते में सोना देने का झांसा देकर ठगी को अंजाम देते थे।

15.80 लाख रुपये बरामद, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

गिरफ्तार आरोपियों के पास से 15.80 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।