आगरा में मामूली विवाद बना जानलेवा, युवक को पीटकर मार डाला, चार साल पहले हुई थी शादी
आगरा के धूलियागंज इलाके में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि दबंगों ने युवक को जमीन पर पटक-पटक कर मारा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मृतक की पहचान हर्ष जैन के रूप में हुई है, जो Dhuliyaganj में अपने परिवार के साथ रहता था। परिवार में उसकी मां दीपिका जैन, बहन मोहिनी जैन, पत्नी नंदिनी जैन और दो साल की बेटी हैं। हर्ष की शादी चार साल पहले हुई थी।
शराब ठेके के पास हुआ था विवाद
परिजनों के मुताबिक रविवार शाम हर्ष काम से लौट रहा था, तभी धूलियागंज शराब ठेके के पास उसका विवाद विशाल नाम के युवक से हो गया। दोनों के बीच मारपीट भी हुई।
हर्ष की बहन मोहिनी जैन ने बताया कि झगड़े के बाद भाई घर लौट आया था, लेकिन उसके फोन पर लगातार धमकियां मिल रही थीं। देर रात जब वह घर से बाहर निकला तो आरोपियों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया।
परिवार का आरोप है कि हर्ष को बुरी तरह पीटा गया और उसका सिर जमीन पर पटक दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कई अस्पताल लेकर गए, लेकिन नहीं बच सकी जान
बहन मोहिनी ने बताया कि जब परिवार मौके पर पहुंचा तब तक हर्ष की सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद उसे कई अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जवाब दे दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या में कई लोग शामिल थे और यह पूरी तरह साजिश के तहत की गई वारदात है।
शव रखकर सड़क पर किया हंगामा
पोस्टमार्टम के बाद जब हर्ष का शव घर पहुंचा तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट लेकर गई।
मां बोली- मदर्स डे पर बेटे ने पोस्ट की थी फोटो
हर्ष की मां दीपिका जैन घटना के समय Delhi गई हुई थीं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही वह बदहवास हो गईं।
रोते हुए उन्होंने बताया कि मदर्स डे पर हर्ष ने सुबह ही उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी और उनसे बात भी की थी। मां बार-बार यही कहती रहीं कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि अब बेटे से आखिरी बार बात हो रही है।
वहीं हर्ष की पत्नी नंदिनी जैन की हालत भी बेहद खराब बताई जा रही है। वह बार-बार बेहोश हो रही हैं।
पुलिस ने क्या कहा?
Syed Ali Abbas ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि शाम को हर्ष का आरोपी देवा माहौर के भाई विशाल से विवाद हुआ था। बाद में विशाल ने अपने भाई देवा को इसकी जानकारी दी।
रात में देवा अपने साथियों के साथ हर्ष के पास पहुंचा, जहां दोबारा झगड़ा हुआ। आरोप है कि देवा ने हर्ष के चेहरे पर लगातार घूंसे मारे और उसे जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी देवा माहौर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जांच में जिन लोगों के नाम सामने आएंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
