Movie prime

दोस्त की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी चढ़ा वाराणसी पुलिस के हत्थे, रंजिश में ली थी जान, मर्डर के बाद भाग गया था बिहार

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नगवां में दोस्त की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद की है। गिरफ्तारी सर्विलांस की मदद से की गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलदारनगर निवासी गोपीनाथ चौरसिया के रूप में हुई है। उसने पूछताछ में बताया कि हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद वह बिहार भाग गया था और वहीं छिपकर रह रहा था।

जानकारी के मुताबिक, गोपीनाथ और मृतक सोनू बनारस में साथ पढ़ाई करते थे और पहले एक ही स्थान पर रहते थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और मनमुटाव हो गया था, जिसके बाद दोनों अलग रहने लगे। इसी रंजिश के चलते 9 जून को गोपीनाथ ने लंका थाना क्षेत्र के नगवां में सोनू को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी।

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी बिहार में छिपा हुआ था। वह अपना कुछ सामान लेने के लिए वाराणसी लौटा था। इसी दौरान पुलिस ने सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।