आगरा : खेलते-खेलते लापता हुई 8 साल की बच्ची, 30 घंटे बाद किराएदार के कमरे से मिला शव
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक जूता कारोबारी की 8 साल की मासूम बेटी की गला काटकर हत्या कर दी गई। बुधवार रात करीब 8 बजे बच्ची का शव किराएदार के कमरे में रखे एक कनस्तर से बरामद हुआ। कनस्तर के ऊपर आटा भरा हुआ था, जिससे इस जघन्य वारदात को छिपाने की कोशिश की गई थी। घटना के बाद से आरोपी किराएदार फरार है और पुलिस को उसी पर हत्या का शक है।
30 घंटे बाद मिला मासूम का शव
बच्ची मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने पहले खुद तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। करीब 30 घंटे बाद बच्ची का शव बरामद हुआ। बेटी की लाश देखकर मां प्रीति बेसुध हो गईं, वहीं परिवार में कोहराम मच गया।
पिता की आपबीती: खेलते समय हुई थी लापता
सिद्धार्थ नगर गोबर चौकी निवासी दिनेश राठौड़, जो जूते का कारखाना चलाते हैं, ने बताया कि उनकी बेटी प्रज्ञा मोहल्ले के बच्चों के साथ खेलने गई थी। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ी। ट्यूशन टीचर से पूछताछ करने पर पता चला कि वह वहां भी नहीं पहुंची थी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV में दिखी आखिरी झलक, पुलिस ने बनाई टीमें
पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें बच्ची दोपहर 2 बजे एक दुकान से चिप्स लेते हुए दिखाई दी। इसके बाद वह वापस गली की ओर जाती नजर आई। मामले की जांच के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित कीं। एक टीम CCTV खंगाल रही थी, जबकि अन्य टीमें परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही थीं।
किराएदार पर गहराया शक
परिजनों के अनुसार, किराएदार सुनील बच्ची के लापता होने के बाद से परिवार के साथ तलाश में शामिल था। यहां तक कि वह गुमशुदगी दर्ज कराने थाने भी गया था, लेकिन जब पुलिस ने घरों की तलाशी शुरू की, तो वह अचानक गायब हो गया और अपने कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया।
शक होने पर पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ा, जहां लाल कपड़े में बंधे कनस्तर के अंदर बच्ची का शव मिला।
सड़क जाम और पथराव
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए लोगों ने फतेहाबाद रोड पर जाम लगा दिया और पथराव किया। कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की भी कोशिश की गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को काबू में किया।
पुलिस का बयान और कार्रवाई
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या के कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा। आरोपी किराएदार के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
पुलिस ने यह भी कहा कि मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा, ताकि दोषी को कड़ी सजा दिलाई जा सके।
परिवार का दर्द और इंसाफ की मांग
पोस्टमॉर्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसका गुरुवार सुबह अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार और स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बच्ची की चाची ने कहा कि दोषी को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जो समाज के लिए उदाहरण बने।
