Movie prime

अमेठी : भागकर शादी से किया इनकार तो प्रेमी हुआ आगबबूला, खेत में बुलाकर उतारा मौत के घाट

 
अमेठी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में प्रेम प्रसंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी से इनकार करने पर एक युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को यूकेलिप्टस की पत्तियों से ढककर फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है।

मिलने के बहाने खेत में बुलाया

पुलिस के मुताबिक, प्रतापगढ़ निवासी सुरजीत सिंह और अमेठी की रहने वाली 19 वर्षीय काजल की करीब ढाई साल पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही। 30 जून की रात सुरजीत अमेठी पहुंचा और काजल को फोन कर घर के पास खेत में मिलने बुलाया।

मुलाकात के दौरान सुरजीत ने काजल पर उसके साथ भागकर शादी करने का दबाव बनाया। जब काजल ने साफ इनकार कर दिया तो दोनों के बीच विवाद हो गया।

गुस्से में घोंट दिया दम

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने काजल को जमीन पर गिरा दिया और दोनों हाथों से उसका मुंह दबा दिया। दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को छिपाने के लिए यूकेलिप्टस की डालियां और पत्तियां ऊपर डाल दीं और काजल का मोबाइल लेकर फरार हो गया।

सुबह झाड़ियों में मिला शव

अगली सुबह गांव के लोगों ने घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में युवती का शव देखा। सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई।

पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ केस

मृतका के पिता अमरजीत सिंह ने सुरजीत सिंह पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

मोबाइल लोकेशन से दिल्ली तक पहुंची पुलिस

एसपी सरवणन टी के निर्देश पर 10 टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से दोनों के मोबाइल फोन की लोकेशन खंगाली। करीब 48 घंटे की जांच के बाद आरोपी की लोकेशन दिल्ली के कमला नगर क्षेत्र में मिली, जहां से 3 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

गिरफ्तारी के बाद आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के सामने आने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया।

पुलिस टीम को मिलेगा इनाम

एसपी सरवणन टी ने बताया कि मामले का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 35 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।