मिर्जापुर में पुलिस चौकी पर हमला : सिपाही को घसीट-घसीटकर पीटा, दरोगा की वर्दी फाड़ी, 4 हिरासत में
मिर्जापुर में बुधवार रात एक मामूली सड़क विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्साई भीड़ ने पुलिस चौकी में घुसकर सिपाही को घसीट-घसीटकर पीटा, दरोगा की वर्दी फाड़ दी और पुलिसकर्मियों के साथ जमकर मारपीट की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मंडलीय अस्पताल पुलिस चौकी का है, जहां करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा चलता रहा।
ई-रिक्शा की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 10:30 बजे सूचना आयोग कार्यालय के पास एक ई-रिक्शा की हल्की टक्कर पैदल जा रहे युवक से हो गई थी। इसके बाद युवक के साथ मौजूद 5-6 लोगों ने ई-रिक्शा चालक गुड्डू सरदार को बीच सड़क पर पीटना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को पकड़कर पुलिस चौकी ले आए।
चौकी में बुला ली भीड़
हमलावरों के गुस्से को देखते हुए हेड कॉन्स्टेबल कमलेश पासवान ने ई-रिक्शा चालक को बचाने के लिए एक कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने अपने गांव नेवली से करीब 20 लोगों को फोन कर चौकी बुला लिया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग चौकी पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया।
मोबाइल छीना तो भड़की भीड़
इसी दौरान एक युवक पुलिस कार्रवाई का वीडियो बना रहा था। आरोप है कि हेड कॉन्स्टेबल ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया, जिसके बाद भीड़ उग्र हो गई। भीड़ ने चौकी के अंदर घुसकर सिपाही कमलेश पासवान को घसीट-घसीटकर पीटा। मारपीट में उनका सिर फट गया। बीच-बचाव करने पहुंचे चौकी प्रभारी मनोज कुमार राय की वर्दी फाड़ दी गई और उनका बैज भी नोंच लिया गया।
हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिए। चौकी में मौजूद महिला सिपाहियों और अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति संभालने की कोशिश की।
अतिरिक्त फोर्स पहुंची, 4 हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल दयाशंकर ओझा अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक कई आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने नेवली गांव के अधिवक्ता ललित तिवारी समेत 4 लोगों को हिरासत में लिया है। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस बोली- होगी सख्त कार्रवाई
शहर कोतवाल दयाशंकर ओझा ने बताया कि सड़क विवाद में दोनों पक्षों को चौकी लाया गया था। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने पुलिस चौकी में घुसकर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और फरार लोगों की तलाश जारी है।
