Movie prime

Ayodhya : जमीनी विवाद में दबंगों ने मां-बेटे की पीट-पीटकर की हत्या

 
Ayodhya : जमीनी विवाद में दबंगों ने मां-बेटे की पीट-पीटकर की हत्या
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Ayodhya : अयोध्या जिले के खंडासा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दबंगों ने लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से हमला कर मां-बेटे की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह दर्दनाक वारदात गुरुवार रात करीब 10:30 बजे महुआ गांव में हुई।

22 वर्षीय प्रेमनाथ तेरहवीं से लौटकर घर आ रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। बेटे की चीख-पुकार सुनकर मां कुंता देवी दौड़ती हुई बाहर आईं और अपने बेटे को बचाने के लिए खुद उसके ऊपर लेट गईं। लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा और उन्होंने दोनों को तब तक पीटा जब तक उनकी जान नहीं चली गई।

चीखें सुनकर प्रेमनाथ के छोटे भाई दीनानाथ और भाभी अनीता भी उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत सीएचसी पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

डॉक्टरों ने कुंता देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रेमनाथ को पहले दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज, फिर लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही प्रेमनाथ ने दम तोड़ दिया।

इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड के पीछे जमीनी विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सोनू, हृदय राम समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और 7 को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

गांव में भारी तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग डरे-सहमे अपने घरों में बंद हैं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि मृतकों का पोस्टमॉर्टम अयोध्या और लखनऊ में कराया जा रहा है और मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।