LPG बुकिंग के नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड! वाराणसी में 60 दिन में 19 शिकायतें, मिनटों में उड़ रहे हजारों रुपये
वाराणसी में एलपीजी गैस बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। 60 दिन में 19 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जबकि कई लोग बाल-बाल बचे। फर्जी कॉल, लिंक और एप के जरिए ठग खाते खाली कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
वाराणसी: शहर में एलपीजी गैस बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। महज 10 दिनों के भीतर ऐसे दो नए मामले सामने आए हैं, जबकि पिछले 60 दिनों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों और साइबर सेल में कुल 19 शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं।
फर्जी कॉल और लिंक से लोगों को बना रहे निशाना
साइबर ठग गैस एजेंसी या कंपनी के नाम पर फर्जी कॉल, मैसेज और लिंक भेजकर लोगों को झांसे में ले रहे हैं। गैस बुकिंग कंफर्म करने, सब्सिडी अपडेट या केवाईसी के बहाने लोगों से जानकारी हासिल कर उनके बैंक खातों से रकम उड़ा दी जा रही है।
पीड़ितों के अनुसार, कॉल करने वाले खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताकर पहले भरोसा जीतते हैं और फिर मोबाइल में एप डाउनलोड कराकर या लिंक के जरिए संवेदनशील जानकारी हासिल कर लेते हैं।
19 मामलों में ठगी का प्रयास, कई लोग बच निकले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 19 शिकायतों में कई लोगों के साथ ठगी की कोशिश की गई, लेकिन समय रहते सतर्क रहने से वे नुकसान से बच गए और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।
दो मामलों में हजारों रुपये की ठगी
लोहता निवासी निजामुद्दीन खान को 14 अप्रैल को अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर ने गैस बुकिंग अपडेट का झांसा देकर एक लिंक भेजा। लिंक पर जानकारी भरते ही उनके खाते से करीब 12 हजार रुपये निकल गए।
वहीं, चौबेपुर के हरिश्चंद्र सिंह ने 29 अप्रैल को गैस बुकिंग के लिए आईवीआर नंबर पर कॉल किया था। अगले दिन खुद को भारत गैस एजेंसी का कर्मचारी बताने वाले व्यक्ति ने लिंक भेजकर एप डाउनलोड कराया और उनके खाते से 54,900 रुपये निकाल लिए।
पुलिस की चेतावनी: सावधान रहें, जानकारी साझा न करें
एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या एप पर भरोसा न करें। गैस बुकिंग हमेशा आधिकारिक एप या अधिकृत एजेंसी के माध्यम से ही करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में ओटीपी, बैंक डिटेल या पासवर्ड साझा न करें और ऑनलाइन नंबर सर्च करने से बचें। जरूरत पड़ने पर एजेंसी जाकर ही अधिकृत नंबर प्राप्त करें।
ठगी होने पर तुरंत करें ये काम
पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
