'Bigg Boss' में एंट्री का झांसा देकर डॉक्टर से 10 लाख का फ्रॅाड, दर्ज हुई FIR
Bigg Boss Fraud : टीवी रियलिटी शो 'बिग बॉस' (Bigg Boss) में एंट्री दिलाने का सपना दिखाकर एक डॉक्टर से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. अभिनीत गुप्ता ने पुलिस को बताया कि मुंबई के एक ठग ने उन्हें शो में “बैकडोर एंट्री” दिलाने का वादा कर 10 लाख रुपये ऐंठ लिए। यह घटना 2022 में हुई थी, लेकिन अब जाकर एफआईआर दर्ज हुई है। आरोपी की पहचान करण सिंह के रूप में हुई है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
Bigg Boss : कैसे रची गई ठगी की कहानी:
डॉ. अभिनीत के अनुसार, 2022 में भोपाल में 'Bigg Boss' के ऑडिशन के दौरान उनकी मुलाकात करण सिंह से हुई। करण ने दावा किया कि उनकी शो में अच्छी पहचान है और वह उन्हें सीधे प्रतियोगी के रूप में शामिल करवा सकते हैं। पहले तो करण ने इसके लिए 1 करोड़ रुपये मांगे, लेकिन डॉक्टर के मना करने पर रकम घटाकर 60 लाख कर दी।
करण ने डॉक्टर को मुंबई बुलाया और एंडेमोल कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हरीश शाह से मिलवाया। इस दौरान सोनू कुंतल और प्रियंका बनर्जी भी मौजूद थे। भरोसा जमाने के बाद करण ने एडवांस के तौर पर 10 लाख रुपये नकद देने की मांग की, लेकिन डॉक्टर ने ट्रांसफर पर जोर दिया। बाद में भोपाल लौटकर उन्होंने 10 लाख रुपये करण सिंह के अकाउंट में भेज दिए।
शो में नाम न होने पर बढ़ा शक:
जब 'बिग बॉस 16' के कंटेस्टेंट की लिस्ट आई तो डॉ. अभिनीत का नाम उसमें नहीं था। पूछने पर करण ने उन्हें वाइल्ड कार्ड एंट्री का आश्वासन दिया। लेकिन शो खत्म हो गया और कुछ नहीं हुआ। बाद में उन्हें अगले सीजन का भरोसा दिलाकर फिर मुंबई बुलाया गया, सेट पर ले जाकर शो के क्रिएटिव डायरेक्टर से मिलवाया, मगर नतीजा वही रहा — जीरो।
दो साल की जद्दोजहद के बाद केस दर्ज:
'बिग बॉस 17' भी खत्म होने के बाद डॉक्टर ने पैसे लौटाने की मांग की, लेकिन करण लगातार टालता रहा। मजबूर होकर उन्होंने पुलिस से शिकायत की, हालांकि एफआईआर दर्ज कराने में लगभग दो साल लग गए।
डॉ. अभिनीत का कहना है कि ऐसे ठग कई लोगों को शिकार बना सकते हैं, इसलिए लोग लालच में न आएं और अजनबियों के झांसे से बचें।
