गर्लफ्रेंड ने नंबर किया ब्लॅाक तो प्रेमी हुआ आगबबूला, चाकू गोदकर उतारा मौत के घाट
फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र में काली नदी पुल के पास मिली युवती की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 17 अप्रैल को मिली इस लाश की पहचान 18 अप्रैल को छिबरामऊ निवासी युवती के रूप में हुई थी। अब पुलिस ने इस मामले में आरोपी अनीश को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनीश और मृतका के बीच पिछले 2-3 साल से प्रेम संबंध था। लेकिन हाल ही में युवती ने अनीश का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था और किसी अन्य युवक से बातचीत करने लगी थी। यही बात आरोपी को नागवार गुजरी और उसने खौफनाक कदम उठा लिया।
‘आखिरी बार बात’ के बहाने बुलाया
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 17 अप्रैल को वह अपने घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर बाइक से युवती के घर पहुंचा। उसने मास्क पहन रखा था। युवती को आखिरी बार बात करने के लिए मनाकर वह उसे बाइक पर बैठाकर काली नदी पुल के पास सुनसान झाड़ियों में ले गया।
अपमान से भड़का, कर दी हत्या
आरोपी के अनुसार, बातचीत के दौरान उसे अपमानित महसूस हुआ। गुस्से में आकर उसने युवती के गले पर 2-3 बार चाकू से वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, गमछा और मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मृतका के भाई की तहरीर पर अनीश और एक अन्य आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। एसओजी सर्विलांस टीम और जहानगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
