Movie prime

चंदौली में 15 दिन में 4.28 करोड़ की अवैध शराब जब्त, स्वाट टीम को SP ने दिया 50 हजार का ईनाम 

चंदौली में स्वाट टीम ने 15 दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.28 करोड़ रुपये से अधिक की 22,999 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की। लगातार तीन ऑपरेशन में मिली इस सफलता पर एसपी आदित्य लांघे ने टीम को 50 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

 
Chandauli News
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Chandauli News: चंदौली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने 15 दिनों के भीतर 4.28 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 22,999 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करने पर स्वाट टीम को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

एसपी ने टीम के उत्साहवर्धन और निष्ठापूर्वक कार्य जारी रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया। स्वाट प्रभारी रामजन्म यादव के नेतृत्व में टीम लगातार शराब तस्करों के खिलाफ प्रभावी अभियान चला रही है।

2 मार्च को स्वाट टीम ने आलू से लदे एक ट्रक से 1028 पेटी अवैध शराब बरामद की थी। यह शराब आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.68 करोड़ रुपये बताई गई।

इसके बाद 9 मार्च को एक अन्य कार्रवाई में टीम ने कागज के गट्ठरों से लदे ट्रक से 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की। इस खेप की कुल मात्रा 7473.6 लीटर और कीमत लगभग 1.40 करोड़ रुपये आंकी गई।

14 मार्च को हुई कार्रवाई में स्वाट टीम ने नोएडा से बिहार ले जाई जा रही 710 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। यह शराब ट्रक में पुट्टी की बोरियों के पीछे छिपाई गई थी। इसकी कुल मात्रा 6325.92 लीटर और कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई गई।

स्वाट टीम के इस लगातार बेहतर प्रदर्शन और तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को देखते हुए एसपी ने उन्हें पुरस्कृत करने का फैसला किया है।