Cyber Fraud : फर्जी फेसबुक पेज बनाकर DM जौनपुर के नाम पर साइबर ठगी, लोगों को दिया पुराना फर्नीचर और सामान बेचने का ऑफर
Jaunpur : देश में साइबर अपराध दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं। ठग अब आम लोगों के साथ-साथ अफसरों को भी नहीं बख्श रहे। ताजा मामला जौनपुर से सामने आया है, जहां ठगों ने जिलाधिकारी (DM) डॉ. दिनेश चंद्र के नाम से फर्जी फेसबुक पेज बनाकर लोगों से ठगी (Cyber Fraud) की कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक, ठगों (Cyber Fraud) ने डीएम की तस्वीर लगाकर एक नकली फेसबुक प्रोफाइल बनाई और लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। इसके बाद मैसेज कर यह झांसा दिया गया कि "मेरे एक दोस्त सीआरपीएफ में हैं, वे अपना कुछ पुराना फर्नीचर और घरेलू सामान बेचना चाहते हैं। अगर आप चाहें तो सस्ते में दिलवा सकता हूं। बस अपना नंबर भेज दीजिए।"
इस तरह के मैसेज मिलने के बाद एक व्यक्ति ने डीएम को इसकी जानकारी दी। जिलाधिकारी ने तुरंत इस फर्जीवाड़े (Cyber Fraud) को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई और अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लोगों से अपील की कि इस तरह की फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकार न करें और ऐसे किसी संदेश का जवाब न दें।
डीएम ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि इस फर्जी फेसबुक आईडी से दूरी बनाए रखें और इसे ब्लॉक कर दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
