वाराणसी में बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़: चेन स्नैचर के पैर में लगी गोली, साथी संग कई वारदातों के दिया था अंजाम
वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में एक चेन स्नैचर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी बादल साहनी को अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और बिना नंबर प्लेट की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने महिला से चेन लूट समेत कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूली है।
वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और एक शातिर चेन स्नैचर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे बाइक बरामद हुई है। गिरफ्तार बदमाश की पहचान बादल साहनी के रूप में हुई है। वह भेलूपुर थाना क्षेत्र के किरहिया का रहने वाला बताया गया है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ रिंग रोड सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार युवक आता दिखाई दिया।
पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह तेजी से भागने लगा। घेराबंदी के दौरान बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .15 बोर का अवैध तमंचा, एक फायर किया हुआ खोखा, एक जिंदा कारतूस और 3630 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई टीवीएस अपाचे बाइक भी जब्त कर ली गई। पुलिस के अनुसार बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, ताकि पहचान छिपाई जा सके।
महिला से चेन लूट की वारदात कबूली
पूछताछ में आरोपी बादल साहनी ने बताया कि उसने अपने साथी अमन यादव के साथ मिलकर 30 अप्रैल 2026 को शिवपुर के विश्वनाथपुरी कॉलोनी में एक महिला के गले से चेन लूटी थी। वारदात के बाद दोनों आरोपी सेंट्रल जेल रोड की तरफ फरार हो गए थे। आरोपी ने बताया कि लूटी गई चेन को एक ज्वैलर्स के यहां बेच दिया गया था और हिस्से में मिले पैसों का कुछ हिस्सा नशे में खर्च कर दिया गया।
फिर से लूट की तैयारी में थे आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह और उसका साथी बिना नंबर प्लेट की बाइक से इलाके में घूमकर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। दोनों फिर से क्षेत्र में नई वारदात की योजना बना रहे थे। पुलिस अब फरार साथी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
कई धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। घायल बदमाश को इलाज के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय भेजा गया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा के साथ उपनिरीक्षक प्रवीण सचान, अनिकेत श्रीवास्तव, गौरव सिंह, विद्यासागर और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। मौके से फायरिंग से जुड़े सबूत भी जुटाए गए हैं और फील्ड यूनिट की मदद से आगे की जांच जारी है।
