Movie prime

पहले एक्सीडेंट, फिर HIV का इंजेक्शन...फिल्म की स्टोरी से देख प्यार में पागल महिला ने रची प्रेमी के पत्नी की मर्डर की साजिश 

 
.....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

कहते हैं प्यार इंसान से बहुत कुछ करवा देता है, लेकिन आंध्र प्रदेश के कर्नूल में यही प्यार बदले की आग बन गया। यहां एक महिला ने उस महिला की जान लेने की साजिश रच डाली, जिसने उसके प्रेमी से शादी कर ली थी। आरोप है कि “जो मेरा नहीं हो सका, वो किसी और का भी न हो, इसी जुनून में आरोपी ने पहले सड़क हादसे की योजना बनाई और फिर मदद के बहाने घायल महिला को इंजेक्शन लगा दिया।

घटना सामने आने के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया है। पीड़िता को शक होने पर उसने तुरंत अपने पति को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच में जो तथ्य सामने आए, उन्होंने सभी को झकझोर कर रख दिया।

क्या हैं आरोप?

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला पर आरोप है कि उसने बदले की भावना से प्रेमी की पत्नी को HIV संक्रमित खून का इंजेक्शन लगाया। यह सनसनीखेज मामला कर्नूल शहर में चर्चा का विषय बन गया है।

दरअसल, कर्नूल के रहने वाले डॉ. करुणाकर, जो एक सरकारी मेडिकल कॉलेज में कार्यरत हैं, और उनकी पत्नी डॉ. श्रावणी उसी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। इससे पहले डॉ. करुणाकर की जान-पहचान उसी कॉलेज में काम करने वाली नर्स वसुंधरा से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। बाद में करुणाकर ने डॉ. श्रावणी से शादी कर ली, जिससे वसुंधरा के मन में गुस्सा और बदले की भावना पनप गई।

फिल्म से प्रेरित होकर रची साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि वसुंधरा हाल ही में रिलीज हुई एक हिंदी फिल्म से प्रेरित हुई, जिसमें HIV इंजेक्शन से जुड़ा कथानक दिखाया गया है। आरोप है कि उसने सोचा, अगर श्रावणी को HIV हो गया तो करुणाकर उससे दूरी बना लेगा और वह दोबारा उसकी जिंदगी में लौट आएगा। इसी सोच के साथ उसने साजिश रची।

हादसे के बहाने हमला

पुलिस के मुताबिक, 9 जनवरी 2026 को वसुंधरा ने अपने दोस्त ज्योति और उसके बच्चों यशवंत व श्रुति की मदद से योजना को अंजाम दिया। दोपहर में जब डॉ. श्रावणी अस्पताल से स्कूटी से घर लौट रही थीं, तब KC कैनाल के पास जानबूझकर एक वाहन से उन्हें टक्कर मारी गई। घायल होने पर मददगार बनने का नाटक करते हुए आरोपियों ने उन्हें ऑटो में बैठाया, लेकिन अस्पताल ले जाने के बहाने रास्ते में ही कथित तौर पर उनके गले में इंजेक्शन लगाया।

श्रावणी को इस हरकत पर शक हुआ और उन्होंने तुरंत अपने पति को फोन किया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

जांच में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

डॉ. करुणाकर की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। DSP बाबू प्रसाद के मुताबिक, CCTV फुटेज और तकनीकी सबूतों के आधार पर वसुंधरा, उसकी दोस्त ज्योति और दोनों बच्चों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि वसुंधरा ने अस्पताल में अपने संपर्कों का इस्तेमाल कर HIV संक्रमित खून हासिल किया था।

फिलहाल पीड़िता डॉक्टरों की निगरानी में इलाज करा रही हैं, जबकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।