Movie prime

गोली से लेकर सांप तक...मुस्कान के बाद मेरठ की 5 कातिल 'पत्नियां' चर्चा में, जो सलाखों के पीछे काट रही जिंदगी

 
Meerut
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

मुस्कान और साहिल को हत्या के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद जेल में बंद महिला कैदियों के बीच भी इस फैसले की चर्चा है। बताया जा रहा है कि जेल के अंदर मुस्कान के साथ अन्य महिला बंदियां भी सुंदरकांड का पाठ कर रही हैं। इसी बीच मेरठ में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें महिलाओं पर अपने पति की हत्या कराने या हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप लगे हैं। इन मामलों में किसी पर प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करने, तो किसी पर पति की हत्या के लिए सुपारी देने का आरोप है। हालांकि, इन सभी मामलों में अंतिम फैसला अदालत को करना है और कई मामले अभी विचाराधीन हैं।


अमित हत्याकांड में 7 अक्टूबर को फैसला

बहसूमा के अकबरपुर सादात निवासी रविता पर अपने पति अमित की हत्या प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, 17 अप्रैल 2025 को अमित की गला दबाकर हत्या की गई थी। इसके बाद शव के बिस्तर पर सांप छोड़कर इसे सांप के काटने से हुई मौत दिखाने की कोशिश की गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने रविता और अमरदीप को गिरफ्तार किया था। दोनों फिलहाल जेल में हैं। इस मामले में 7 अक्टूबर को अदालत का फैसला आने वाला है।


गोली मरवाकर पति की हत्या कराने का आरोप

परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के अगवानपुर निवासी 28 वर्षीय राहुल की हत्या के मामले में उसकी पत्नी अंजलि पर प्रेमी अजय के साथ मिलकर साजिश रचने का आरोप है। राहुल खेती और पशुपालन करता था और उसके तीन बेटे हैं।

पुलिस के मुताबिक, अंजलि के पड़ोसी अजय से संबंध थे, जिसका राहुल विरोध करता था। आरोप है कि 1 नवंबर 2025 की रात अंजलि ने राहुल को गांव के बाहर मंदिर के पास बुलाया। वहां अजय भी पहुंचा और राहुल पर कथित तौर पर तीन गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौत हो गई। यह मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।


पति की हत्या के लिए छह लाख की सुपारी का आरोप

परीक्षितगढ़ के अगवानपुर निवासी बीएसएफ जवान नैन सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी कोमल, मौसी के बेटे गुलशन समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था।

जांच में पुलिस ने दावा किया कि कोमल ने गुलशन के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। हत्या के लिए छह लाख रुपये की सुपारी देने की बात सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, सुपारी की रकम जुटाने के लिए कोमल ने अपने आभूषण तक गिरवी रखे थे। इस मामले में आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के बाद मुकदमा अदालत में विचाराधीन है।


बेटी के प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या का आरोप

 

23 जून 2025 को जानी खुर्द निवासी सुभाष की हत्या के मामले में उसकी पत्नी कविता और बेटी सोनम पर भी आरोप लगे। पुलिस के अनुसार, मां-बेटी ने अपने-अपने प्रेमियों के साथ मिलकर सुभाष की हत्या की साजिश रची थी।

 

आरोप है कि सोनम के प्रेमी विपिन ने अपने दोस्त अजगर उर्फ शिवम के साथ मिलकर सुभाष की गोली मारकर हत्या की। पुलिस ने मां-बेटी समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में कविता और सोनम को जमानत मिल गई। मामला अभी अदालत में ट्रायल पर है।


प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कराने का आरोप

28 फरवरी 2025 को जानी के कुसैड़ी गांव निवासी लोडर ऑपरेटर अजय कुमार उर्फ बिट्टू की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में उसकी पत्नी संगीता और गाजियाबाद निवासी उसके कथित प्रेमी अवनीश पर हत्या में शामिल होने का आरोप है।

बताया गया कि अजय एक शादी समारोह से लौट रहा था, तभी रास्ते में अवनीश ने कथित तौर पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। संगीता फिलहाल जमानत पर बाहर है और इस मामले की सुनवाई अदालत में चल रही है।

इन मामलों में पुलिस की जांच और अभियोजन की दलीलों के आधार पर आरोप सामने आए हैं। अंतिम दोष या निर्दोष होने का फैसला संबंधित अदालतों द्वारा किया जाना है।