गाजीपुर: वर्चस्व की पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, 2 साथी लापता, शव रखकर किया हाईवे जाम
गाजीपुर। जिले के गहमर कोतवाली क्षेत्र के खेलूराय पट्टी में वर्चस्व की पुरानी रंजिश ने फिर खूनी रूप अख्तियार कर लिया। बुधवार रात करीब 11:30 बजे दो गुटों के बीच हुए संघर्ष में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और उसका शव बोरे में भरकर पास के पोखरे में फेंक दिया गया। मृतक की पहचान गहमर खेमनराय पट्टी निवासी विक्की सिंह (23 वर्ष), पुत्र संजय सिंह उर्फ गांधी के रूप में हुई है।
विक्की सिंह अपने दो साथियों अंकित सिंह (25 वर्ष), पुत्र अरुण सिंह (पट्टी भीव राय निवासी) और सौरभ सिंह (24 वर्ष), पुत्र लक्ष्मण सिंह (पट्टी बाबू राम निवासी) के साथ एक ही बाइक पर खेलूराय पट्टी गया था। इसी दौरान दूसरे गुट के लोगों से विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष ने तीनों को घेरकर बेरहमी से पीटा, जिसमें विक्की सिंह की मौत हो गई। उसके शव को बोरे में भरकर पोखरे में फेंक दिया गया।
घटना की सूचना पर गुरुवार सुबह पुलिस और एसओजी टीम ने एक आरोपी को हिरासत में लिया, जिसके बाद हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने पोखरे से विक्की सिंह का शव बरामद कर लिया। इधर, अंकित सिंह और सौरभ सिंह अब भी लापता हैं। परिजनों का आरोप है कि उनकी भी हत्या कर दी गई है और शव पोखरे में ही फेंके गए हैं। गोताखोरों की मदद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला।
हत्याकांड से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार को विक्की सिंह का शव कोतवाली के सामने रखकर एनएच-124 सी मार्ग को जाम कर दिया। उनका आरोप है कि पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरत रही है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर जाम खुलवाया गया।
तीन माह पुरानी रंजिश बनी कारण
यह विवाद करीब तीन माह पुराना है। 27 सितंबर को बुढ़वा महादेव मंदिर के पास वर्चस्व की लड़ाई में दोनों गुटों के बीच फायरिंग हुई थी। उस मामले में कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक राजीव पांडेय ने विक्की सिंह सहित कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अब यही रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर ने बताया कि बुधवार रात खेलूराय पट्टी में पुराने विवाद पर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। एक पक्ष के तीन लोग थे, जिनमें विक्की सिंह की मौत हो गई। दो अन्य लापता हैं, उनकी तलाश जारी है। घटना की जांच चल रही है और मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था सामान्य है।
