गोरखपुर : मां के ब्रह्मभोज में दो भाईयों में हुआ विवाद, बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर ली जान, मंगेतर का रो-रोकर बुरा हाल
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण बड़की रेतवाहिया गांव में मंगलवार को एक ऐसी घटना हुई जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मां के ब्रह्मभोज के दौरान हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक सत्यप्रकाश उर्फ शुभम शर्मा (23) की कुछ ही दिन पहले सगाई हुई थी और अगले वर्ष उसकी शादी होने वाली थी। उसकी मौत के बाद मंगेतर का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह बार-बार शुभम का चेहरा देखने की जिद करती रही, जबकि परिजन उसे संभालने का प्रयास करते रहे।
मां के ब्रह्मभोज में हुआ खूनी विवाद
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कोमल शर्मा की पत्नी सावित्री देवी का कुछ दिन पहले निधन हो गया था। मंगलवार को उनका ब्रह्मभोज आयोजित किया गया था। इसी दौरान परिवार के बड़े बेटे दुर्गविजय शर्मा और छोटे बेटे शुभम के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
परिजनों के मुताबिक विवाद पुरानी पारिवारिक रंजिश और संपत्ति को लेकर चल रहे मतभेदों से जुड़ा था। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दुर्गविजय ने तमंचा निकालकर शुभम के सीने में गोली मार दी।
संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह
गांव वालों के अनुसार परिवार में लंबे समय से जमीन और संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। कोमल शर्मा के नाम करीब एक एकड़ जमीन थी, जिसे लेकर परिवार में तनाव बना रहता था।
बताया जाता है कि बड़े बेटे दुर्गविजय को आशंका थी कि पिता अपनी जमीन छोटे बेटे शुभम के नाम कर सकते हैं। इसी बात को लेकर वर्षों से परिवार के भीतर मनमुटाव और विवाद होते रहे।
फरवरी 2027 में होनी थी शादी
शुभम प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़ा था। उसकी 9 मई को गोरखनाथ मंदिर में सगाई हुई थी और 6 फरवरी 2027 को शादी तय थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई।
घटना के बाद शुभम की मंगेतर और परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं। गांव में भी शोक और सन्नाटे का माहौल है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात के बाद आरोपी दुर्गविजय फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
नाराज लोगों ने की तोड़फोड़
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के घर और दुकान पर हमला कर तोड़फोड़ की। इस दौरान आरोपी की पत्नी के साथ भी मारपीट की गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मां के ब्रह्मभोज के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को बिखेर दिया है। जिस घर में कुछ महीनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
