Movie prime

तीन लाख रुपये के लिए भाई ने बहन को उतारा मौत के घाट, शव बोरे में भरकर गन्ने के खेत में फेंका

 
Murder
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
गोरखपुर। जिले के रामपुर नयागांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। तीन लाख रुपये के विवाद में एक भाई ने अपनी ही बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को बोरे में भरकर कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया इलाके में गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस ने दो दिन बाद आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

27 अक्टूबर से लापता थी नीलम

रामपुर नयागांव निवासी नीलम निषाद (19 वर्ष) 27 अक्तूबर की शाम करीब पांच बजे घर से निकली थी और इसके बाद वापस नहीं लौटी। देर रात उसकी बहन इसरावती देवी ने 112 नंबर पर गुमशुदगी की सूचना दी। अगले दिन परिजनों ने थाने में तहरीर देकर नीलम के भाई राम आशीष निषाद पर हत्या का शक जताया। परिवार का कहना था कि भाई-बहन के बीच तीन लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।

सर्विलांस से खुला राज

गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने राम आशीष को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा और बताया कि वह कुशीनगर के कप्तानगंज में पत्नी के पास गया था।
हालांकि सर्विलांस और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसके झूठ का पर्दाफाश कर दिया। दबाव बढ़ने पर आरोपी टूट गया और कबूल किया कि उसने घर में ही रस्सी से बहन की गला दबाकर हत्या की। इसके बाद उसने शव को बोरी में भरकर कुशीनगर के एक गन्ने के खेत में फेंक दिया।

पुलिस ने बरामद किया शव

पुलिस टीम ने बुधवार देर रात आरोपी की निशानदेही पर गन्ने के खेत से नीलम का शव बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि, “हिरासत में लिए गए आरोपी भाई ने अपना अपराध स्वीकार किया है। उसने बताया कि बहन की रस्सी से गला दबाकर हत्या करने के बाद शव खेत में फेंक दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”