Movie prime

जौनपुर में बारात लेकर जा रहे दूल्हे की गोली मारकर हत्या, नकाबपोश बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

जौनपुर में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। शादी के लिए बारात लेकर जा रहे 22 वर्षीय दूल्हे आजाद की नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना खेतासराय थाना क्षेत्र में रात करीब 9 बजे हुई।

बताया जा रहा है कि दो बाइक सवार बदमाशों ने दूल्हे की कार को ओवरटेक कर रोका और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दूल्हे के पेट में दो और जबड़े पर एक गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बारात में मचा हड़कंप

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी रामलखन बिंद के बेटे आजाद की बारात खेतासराय के बीबीपुर गांव जा रही थी। बारात में तीन गाड़ियां शामिल थीं। दूल्हा पहली कार में बैठा था, जबकि पीछे परिवार के सदस्य अन्य गाड़ियों में सवार थे।

दूल्हे के छोटे भाई आकाश ने बताया कि मनेछा गांव के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे। बाइक की नंबर प्लेट ढकी हुई थी। बदमाशों ने कार रुकवाकर सीधे दूल्हे पर फायरिंग शुरू कर दी।

ड्राइवर जान बचाकर भागा

फायरिंग के दौरान कार चालक डरकर मौके से भाग गया। पीछे आ रही बारात की गाड़ियों में बैठे लोग जब तक पहुंचते, बदमाश फरार हो चुके थे। गंभीर हालत में दूल्हे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुरानी रंजिश की आशंका

पुलिस को शुरुआती जांच में पुरानी दुश्मनी का मामला लग रहा है। दूल्हे के पिता रामलखन बिंद ने बताया कि करीब तीन साल पहले जपतापुर गांव के कुछ लोगों ने उनके बेटे और उन्हें बुरी तरह पीटा था। उस मामले में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।

पुलिस जांच में जुटी

आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।