Movie prime

बरेली में पत्नी को मौत के घाट उतार दो बेटों संग फरार हुआ पति, मां के शव के पास बिलखती रही मासूम बेटी

 
Murder
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

बरेली में घरेलू विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा में गुरुवार को हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी पर चाकू से कई वार किए और इसके बाद सिलबट्टे से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने दो बेटों को लेकर फरार हो गया, जबकि बेटी को घर पर ही छोड़ गया।

मृतका की पहचान 35 वर्षीय सरोज के रूप में हुई है। वह बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गुलड़िया गांव की रहने वाली थी। सरोज के भाई महेश के मुताबिक, उसकी बहन की शादी जोगी नवादा निवासी सतीश से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही सतीश दहेज को लेकर सरोज को परेशान करता था। वह शराब पीने का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था।

बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद से परेशान होकर सरोज कुछ समय पहले मायके चली गई थी। करीब दो दिन पहले ही सतीश उसे मनाकर वापस घर लेकर आया था। गुरुवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सतीश ने आपा खो दिया और पत्नी पर चाकू से कई वार कर दिए। इसके बाद उसने सिलबट्टे से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे सरोज की मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी अपने दो बेटों को लेकर घर से फरार हो गया। उसकी बेटी घर में ही रह गई। सतीश के बारे में बताया गया है कि वह एक मिठाई की दुकान पर हलवाई का काम करता था।

घटना की सूचना मिलते ही बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी की तलाश में पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

वहीं, घटना के बाद मृतका के मायके वालों में आक्रोश है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं।