चोलापुर में अवैध हथियार सप्लाई गैंग का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार- पिस्टल, रिवॉल्वर और चोरी की बाइक बरामद
वाराणसी के चोलापुर में पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियार सप्लाई करने वाले गैंग का भंडाफोड़ हुआ। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से पिस्टल, रिवॉल्वर, कारतूस, चोरी की बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
वाराणसी: चोलापुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत की गई कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से कई अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार चोलापुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान सूचना मिली थी कि कटारी ब्लॉक अंडरपास के पास कुछ युवक बड़ी मात्रा में अवैध हथियार लेकर मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर घेराबंदी कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद हुए रिवॉल्वर, पिस्टल और कारतूस
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक .32 बोर रिवॉल्वर, दो पिस्टल, एक तमंचा तथा कुल 13 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा एक चोरी की मोटरसाइकिल और विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे शौक और दबदबा बनाने के लिए अवैध हथियार रखते थे। हथियारों के बल पर लोगों को डराने-धमकाने के साथ चोरी, छिनैती और लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी अधिक पैसे मिलने पर राह चलते लोगों को अवैध तमंचा, पिस्टल और कारतूस भी बेचते थे।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अखिलेश उर्फ मोनू राजभर, अरुण राजभर, हिमांशु उर्फ सनी, आभाष सिंह, विशाल सिंह, अनिकेत चौहान और नमन मिश्रा उर्फ अस्तीशू के रूप में हुई है। सभी आरोपी वाराणसी जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
कुछ आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी अखिलेश उर्फ मोनू राजभर के खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट, चोरी और अन्य गंभीर मामलों समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अन्य आरोपियों के खिलाफ भी विभिन्न आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड सामने आया है।
आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद हथियारों और अन्य सामान के स्रोत की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस नेटवर्क के जरिए अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री कर रहे थे।
