प्रिंस नहीं वो साहिल निकला.. इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, घर छोड़ प्रयागराज पहुंची युवती, अब कब्र से निकला शव
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवती की संदिग्ध मौत पर जाकर खत्म हुई। मध्य प्रदेश के रीवा की रहने वाली 20 वर्षीय युवती की इंस्टाग्राम पर प्रिंस वर्मा नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई और युवती उसके साथ प्रयागराज आ गई। बाद में उसे पता चला कि युवक का असली नाम साहिल है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि प्रयागराज आने के बाद साहिल ने युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और उसके साथ मारपीट भी की। युवती ने 10 मई को अपनी छोटी बहन को फोन कर अपनी जान को खतरा होने की बात बताई थी।
मौत के बाद कब्र में दफनाया गया शव
परिजनों के मुताबिक, 8 जून को उन्हें स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि युवती की मौत हो चुकी है और उसका शव कब्रिस्तान में दफना दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने 16 जून को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम कराया। अगले दिन 17 जून को परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।
हालांकि, शव काफी दिनों तक दफन रहने के कारण पोस्टमार्टम में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका।
अस्पताल में बदला गया नाम
पुलिस जांच में पता चला कि युवती की तबीयत बिगड़ने पर पहले उसे एक निजी अस्पताल और बाद में प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि अस्पताल में भर्ती के दौरान युवती का नाम इकरा खान दर्ज कराया गया था, जबकि पति के स्थान पर साहिल खान का नाम लिखा गया था।
आठ लोगों पर केस, तीन गिरफ्तार
घटना के एक महीने से अधिक समय बाद युवती के परिजन रीवा से प्रयागराज पहुंचे और कौंधियारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने कुल आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी साहिल, उसकी मां और एक अन्य महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
