सुंदर बच्चियों से जलन...4 बच्चों को डुबोकर मारने वाली हरियाणा की साइको किलर मां, ऐसे खुला राज
हरियाणा के पानीपत के नौल्था गांव में मासूम विधि की हत्या के मामले में गिरफ्तार पूनम ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। शादी समारोह के दौरान 6 वर्षीय विधि की हत्या के आरोप में पकड़ी गई इस महिला ने स्वीकार किया कि वह दो वर्षों में कुल चार मासूमों की हत्या कर चुकी है, जिनमें उसका तीन वर्षीय बेटा भी शामिल है।
सुंदर बच्चियों से जलन की वजह से करती थी हत्या
पुलिस के अनुसार, पूनम को सुंदर बच्चियों से नफरत थी। वह नहीं चाहती थी कि कोई बड़ी होकर उससे ज्यादा सुंदर बने। इसी मानसिकता के चलते उसने एक-एक करके बच्चों को पानी में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस तंत्र-मंत्र की एंगल से भी जांच कर रही है।
2019 में हुई थी शादी
SP भूपेंद्र के अनुसार, पूनम की शादी वर्ष 2019 में गोहाना के गांव भावड़ निवासी नवीन से हुई थी।
पूनम द्वारा की गई सभी हत्याएँ
पूछताछ में पूनम ने इन चार हत्याओं का खुलासा किया
-
वर्ष 2023: ननद की 10 वर्षीय बेटी को घर के होद में डुबोकर मार डाला।
-
शक से बचने के लिए उसी दिन अपने 3 साल के बेटे शुभम को भी उसी होद में डुबो दिया।
-
19 अगस्त 2023: मायके पानीपत के सिवाह गांव में चचेरे भाई की 9 वर्षीय बेटी जिया को पानी में डुबोकर हत्या कर दी।
-
1 दिसंबर 2024: नौल्था गांव में विवाह समारोह के दौरान जेठ की 6 साल की बेटी विधि को स्टोर रूम में मौजूद पानी के टब में डुबो दिया।
इस तरह खुला राज
बरात विदाई के दौरान पूनम कुछ देर के लिए गायब हो गई थी। महिलाओं को स्टोर रूम बाहर से बंद मिला। दरवाजा खोलते ही अंदर पानी के टब में डूबी विधि मिली। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कपड़े भीगे होने की वजह से पूनम पर शक गहराया और पूछताछ में उसने सभी हत्याओं का कबूलनामा कर लिया।
मानसिक स्थिति पर उठे सवाल
परिवार वालों के मुताबिक, पूनम लंबे समय से अजीब हरकतें करती थी। घर में अक्सर सिंदूर बिखरा मिलता, जले हुए कपड़े मिलते, वह अचानक जोर-जोर से चीखने लगती, कई बार मृत युवक की आत्मा अपने अंदर आने की बात कहती और बच्चों की मौत का जिक्र भी कर देती थी।
पहले भी उठ चुका था शक
मायके में जिया की मौत के बाद उसके चचेरे भाई सुरेंद्र को पूनम पर शक हुआ था, लेकिन तब परिवार ने उसे दुर्घटना मानकर मामला दबा दिया। अब परिवार ने जिया की हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया है।
अदालत ने भेजा जेल
पुलिस ने बुधवार को पूनम को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पड़ोसियों के अनुसार, वह आमतौर पर घर से बाहर कम ही निकलती थी।
