वाराणसी: 58 लाख का सोना और जेवर लेकर फरार हुआ ज्वेलरी शोरूम का कर्मचारी
वाराणसी के चेतगंज स्थित बनारस स्वर्ण कला केंद्र से 58 लाख रुपये मूल्य का शुद्ध सोना और आभूषण लेकर कर्मचारी फरार हो गया। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम लगाई गई है।
वाराणसी: शहर के चेतगंज थाना क्षेत्र स्थित बनारस स्वर्ण कला केंद्र में लाखों रुपये के सोने और आभूषणों के गबन का मामला सामने आया है। ज्वेलरी बनाने और मरम्मत का काम करने वाला एक कर्मचारी करीब 58 लाख रुपये मूल्य का शुद्ध सोना और आभूषण लेकर फरार हो गया। पीड़ित कंपनी की शिकायत पर चेतगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मरम्मत और ज्वेलरी बनाने के लिए दिया गया था सोना
बनारस स्वर्ण कला केंद्र में मानव संसाधन विभाग में कार्यरत स्वप्निल श्रीवास्तव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि कंपनी की एक शाखा लहुराबीर में संचालित होती है। यहां काशीपुरा निवासी शरद कुमार लंबे समय से आभूषण बनाने और उनकी मरम्मत का कार्य करता था। कंपनी के अधिकांश ऑर्डर और रिपेयरिंग का काम उसी को सौंपा जाता था।
काम का दबाव बताकर मांगा था एक दिन का समय
शिकायत के अनुसार, 10 जुलाई को शरद कुमार को आभूषण तैयार करने के लिए 35 ग्राम शुद्ध सोना दिया गया। इसके अलावा मरम्मत के लिए 368.500 ग्राम सोने के आभूषण भी उसके सुपुर्द किए गए। शरद ने काम का दबाव होने की बात कहते हुए अगले दिन पूरा सामान लौटाने का आश्वासन दिया था।
अगले दिन से बंद मिले दोनों मोबाइल, घर से भी गायब
11 जुलाई की सुबह जब कंपनी की ओर से शरद कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसके दोनों मोबाइल फोन बंद मिले। संदेह होने पर कर्मचारी के घर जाकर जानकारी ली गई, जहां पता चला कि वह 10 जुलाई के बाद से घर भी नहीं लौटा है। इसके बाद कंपनी को धोखाधड़ी की आशंका हुई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
58 लाख से अधिक की संपत्ति लेकर फरार होने का आरोप
कंपनी के अनुसार, आरोपी कर्मचारी के पास मौजूद 35 ग्राम शुद्ध सोने की कीमत लगभग 5.25 लाख रुपये है, जबकि मरम्मत के लिए दिए गए आभूषणों की कीमत 53,61,675 रुपये बताई गई है। इस तरह कुल नुकसान करीब 58 लाख रुपये का है।
पुलिस ने दर्ज की FIR, तलाश में जुटी टीम
चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है।
