बैंक-ATM के बाहर रेकी कर उड़ाते थे लाखों, वाराणसी में 10 शातिर टप्पेबाज गिरफ्तार
वाराणसी कैंट पुलिस और SOG टीम ने 10 सदस्यीय अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 1.70 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल XUV700 बरामद हुई। गैंग बैंक-ATM के बाहर रेकी कर लोगों के बैग उड़ाने की वारदात करता था।
वाराणसी: कमिश्नरेट वाराणसी की कैंट पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10 अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सभी आरोपियों को रेलवे स्टेशन कैंट प्लेटफॉर्म नंबर-9 के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1.70 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई XUV700 कार बरामद की गई है।
बैंक और ATM के बाहर करते थे रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह अलग-अलग शहरों में लग्जरी वाहन से पहुंचकर होटल में रुकता था और बैंक, ATM व अन्य संस्थानों के बाहर रेकी करता था। जैसे ही किसी व्यक्ति के पास अधिक नकदी होने की जानकारी मिलती, गिरोह उसे निशाना बनाता था।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
गिरोह के सदस्य पहले शिकार पर छोले, सब्जी या गंदा पानी डाल देते थे। इसके बाद दूसरा सदस्य मदद करने के बहाने पीड़ित का बैग या नकदी चुपके से निकाल लेता था। वारदात के तुरंत बाद आरोपी XUV700 से मौके से फरार हो जाते थे।
7 लाख की चोरी के केस से खुला राज
पूरे गिरोह का खुलासा 10 फरवरी 2026 को दर्ज एक टप्पेबाजी के मामले की जांच के दौरान हुआ। उस केस में महिला का बैग चोरी हुआ था, जिसमें 7 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और बैंक दस्तावेज रखे थे।
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वाराणसी समेत बिहार के कई जिलों—बेगूसराय, भागलपुर, कटिहार, मोतिहारी, पूर्णिया और अन्य स्थानों पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह के आपराधिक नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और नेटवर्क की भी जांच जारी है।
