लखनऊ : बहला-फुसलाकर होटल ले गए, 3 दिनों तक नाबालिग से किया दुष्कर्म, पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा किया गया और पीजीआई क्षेत्र के एक होटल में ले जाकर उसके साथ तीन दिनों तक दुष्कर्म किया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिवार की ओर से 24 जुलाई को मोहनलालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि किशोरी 17 जुलाई को बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में जानकारी मिली कि दुर्गेश और उसकी पत्नी खुशबू उसे अपने साथ लेकर गए थे।
होटल में ले जाकर वारदात का आरोप
परिजनों के किशोरी तक पहुंचने के बाद उसने पुलिस को बताया कि 18 से 20 जुलाई के बीच राबिया और उसके पति विनोद उसे बाइक से पीजीआई क्षेत्र के एक होटल में ले गए थे। आरोप है कि वहां राबिया ने उसकी मुलाकात अपने परिचित द्वारिका रैदास से कराई, जिसने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुस्ताक के निर्देश पर जांच के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।
दो महिलाओं समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर शनिवार को किसान पथ के पास पूरनपुर गांव से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में द्वारिका रैदास (70), विनोद रावत (20), दुर्गेश रावत (26), खुशबू (23) और राबिया (18) शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
साजिश में शामिल होने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी द्वारिका रैदास ने अन्य आरोपियों की मदद से वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि विनोद, दुर्गेश और खुशबू ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसे अलग-अलग स्थानों पर रखने में भूमिका निभाई।
वहीं, राबिया पर आरोप है कि उसने किशोरी को होटल में ठहराया और मुख्य आरोपी से उसकी मुलाकात कराई। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
