Movie prime

वाराणसी के मिर्जामुराद में युवक की निर्मम हत्या, नहर किनारे मिला शव, 5 महीने पहले हुई थी शादी

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कछवां रोड पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर दूर बिहड़ा नहर के पास सुबह करीब 7 बजे राहगीरों ने शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

होटल में करता था काम

मृतक की पहचान गौर गांव निवासी जग्गू के रूप में हुई है, जो एक होटल में काम करता था। मौके पर पहुंची उसकी बहन गीता ने शव की पहचान अपने भाई के रूप में की। परिजनों के मुताबिक, जग्गू की शादी महज पांच महीने पहले ही हुई थी।

सिर पर गहरे चोट के निशान

पुलिस के अनुसार, युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और वहां से खून बह रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक के सिर के बाल नोचे गए थे। वहीं, पहचान छिपाने की नीयत से उसका चेहरा किसी भारी वस्तु से बुरी तरह कुचल दिया गया था।

हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का मानना है कि मामला हत्या का हो सकता है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फोरेंसिक टीम सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक के परिचितों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।