Movie prime

मनीष सिंह हत्याकांड में 50-50 हजार के इनामी दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली 

वाराणसी के मनीष सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 50-50 हजार के दो इनामी आरोपी मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है।

 
मनीष सिंह हत्याकांड
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: मनीष सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फूलपुर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने सोमवार रात कठिराव क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान दो 50-50 हजार के इनामी आरोपियों, मनीष और आशीष राजभर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान हुई जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फायरिंग के बीच पुलिस ने घेरकर दबोचा

डीसीपी गोमती नीतू कात्यायन के अनुसार, एसओजी प्रभारी गौरव सिंह को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी कठिराव खरका गांव के पास एक बंद पड़े ईंट-भट्ठे में छिपे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और पकड़े गए।

हथियार बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर के दो तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस हत्याकांड में शामिल अन्य तीन इनामी आरोपी—दीपक राजभर, गोविंद राजभर और नागेंद्र राजभर—की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

कैसे हुआ था मनीष सिंह का कत्ल?

फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में 26 अप्रैल की रात यह सनसनीखेज घटना हुई थी। युवा उद्यमी मनीष सिंह अपनी कार से जा रहे थे, तभी पास में बर्तन धो रही बिंदू देवी को उनकी कार से हल्का धक्का लग गया। इस बात पर आक्रोशित होकर कुछ लोगों ने मनीष सिंह पर हमला कर दिया और ईंट-पत्थरों से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी।

अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

इस मामले में पुलिस पहले ही 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब दो और की गिरफ्तारी के बाद कुल 11 आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए घमहापुर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यहां पांच इंस्पेक्टर, 65 पुलिसकर्मी, दो प्लाटून आरआरएफ और दो कंपनी पीएसी की तैनाती की गई है।

पीड़ित परिवार ने की थी एनकाउंटर की मांग

मृतक मनीष सिंह की पत्नी अंकिता सिंह ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ‘फुल एनकाउंटर’ की बात कही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एडीसीपी गोमती जॉन नृपेंद्र कुमार के मुताबिक, फिलहाल गांव में स्थिति शांतिपूर्ण है। प्रशासन सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए है और माहौल खराब करने वाले तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है।