Movie prime

‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’...गाने वाले सिंगर अंकित बालियान पर जिम से निकलते ही बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, मौत

 
Ankit
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

शामली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बुधवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां बदमाशों ने हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 20 राउंड फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 7 बजे अंकित बालियान जिम में वर्कआउट करने के बाद बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उन पर अचानक गोलियां बरसा दीं। फायरिंग में अंकित के सिर में भी गोली लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ से मिली पहचान

अंकित बालियान शामली जिले के बंटीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में उन्होंने सिंगिंग और एक्टिंग के जरिए अपनी पहचान बनाई थी। उनका गाना ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ काफी चर्चित हुआ था। बताया जा रहा है कि अंकित हरियाणा के रोहतक और सोनीपत में रहकर अपने करियर पर काम कर रहे थे। वह पिछले करीब एक साल से नियमित रूप से जिम भी जाते थे।

पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका

अंकित की हत्या के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती तौर पर हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।

एसपी ने क्या बताया?

शामली के एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, अंकित जिम में ट्रेनिंग लेने के बाद जैसे ही बाहर निकले, चार अज्ञात बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

शव रखकर परिजनों ने लगाया जाम

घटना से आक्रोशित परिजनों ने अंकित का शव शामली चौराहे पर रखकर करीब ढाई घंटे तक जाम लगाया। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना था कि जब तक अंकित के हत्यारे गिरफ्तार नहीं किए जाते, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे। पुलिस और प्रशासन की ओर से परिजनों को समझाने और जल्द कार्रवाई का भरोसा देने का प्रयास किया गया।