Movie prime

बीच सड़क गुंडागर्दी: वाराणसी में पुलिसकर्मी को पीटा, स्मार्ट वॉच और कैश लूट ले गए बदमाश

वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में पुलिसकर्मी पर हमला कर बदमाशों ने 30 हजार रुपये और स्मार्ट वॉच लूट ली। बाइक हटाने को लेकर विवाद के बाद हुई इस घटना में एक आरोपी गिरफ्तार, जबकि दो फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

 
सारनाथ क्षेत्र
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: सारनाथ थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी पर हमला कर बदमाशों द्वारा लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मी से 30 हजार रुपये नकद और स्मार्ट वॉच छीन ली। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

सड़क पर खड़ी बाइक हटाने को लेकर हुआ विवाद

बम निरोधक दस्ते में तैनात पुलिसकर्मी रविंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह आशापुर इलाके में बाजार से लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क पर खड़ी एक बाइक हटाने को कहा। इस बात पर बाइक सवार तीन युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे।

मोबाइल तोड़ा, फिर की मारपीट और लूटपाट

जब पुलिसकर्मी ने डायल 112 पर कॉल करने के लिए मोबाइल निकाला, तो आरोपियों ने मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद तीनों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान आरोपियों ने उनकी स्मार्ट वॉच और जेब में रखे 30 हजार रुपये नकद छीन लिए और मौके से फरार हो गए।

घायल पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आशापुर निवासी अभिषेक पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घटना में शामिल ‘लपेटू’ नामक युवक समेत दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, सब इंस्पेक्टर मीनू सिंह, शिव नारायण और हेड कांस्टेबल विनोद कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।