काशी विद्यापीठ में विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग को लेकर जागरूकता, 300 से अधिक स्वयंसेवक हुए शामिल
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से शुक्रवार को माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण एवं विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग में पंजीकरण को लेकर जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाज विज्ञान संकाय स्थित थियेटर कक्ष में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने की।
कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि माई भारत पोर्टल आज युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। यह पोर्टल युवाओं को विभिन्न सरकारी और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता के अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे केवल पंजीकरण तक सीमित न रहें, बल्कि पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम युवाओं के ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व विकास का प्रभावी साधन बन चुके हैं। विद्यार्थियों को इनका सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग करना चाहिए। माई भारत पोर्टल के माध्यम से युवा देशभर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़कर अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित कर सकते हैं।
कुलपति ने विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता को युवाओं में समसामयिक ज्ञान, जागरूकता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के विकास के प्रति समझ विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में इस पहल से जुड़ने का आह्वान किया।

पंजीकरण प्रक्रिया की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण करने तथा पंजीकरण के बाद विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पोर्टल की उपयोगिता, पंजीकरण प्रक्रिया और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के तरीकों को समझाया गया।
इस अवसर पर शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. बंशीधर पाण्डेय ने राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यों और योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता का विकास होता है।
प्रो. पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल स्वयंसेवकों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना नहीं, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि माई भारत पोर्टल युवाओं को अपनी क्षमताओं को विकसित करने और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता का अवसर देता है। विद्यार्थियों को इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. राहुल गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में 300 से अधिक राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर प्रो. बृजेश सिंह, समाज विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. आरिफ, कुलानुशासक डॉ. अंबरीष राय, प्रो. राकेश तिवारी, प्रो. सौम्या, डॉ. जय प्रकाश यादव, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रभा शंकर मिश्र, डॉ. ध्यानेंद्र मिश्रा, डॉ. चित्रसेन, डॉ. दिनेश, डॉ. रमेश प्रजापति, डॉ. अश्वनी, डॉ. रश्मि, डॉ. अंबुज मिश्रा सहित अन्य शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
