अवैध संबंध के शक में गला दबाकर उतारा मौत के घाट, हत्यारोपी हरिश्चंद्र घाट से गिरफ्तार
वाराणसी में अवैध संबंध के शक में महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने गला दबाकर हत्या की और फरार हो गया। पुलिस ने 150 CCTV फुटेज खंगालकर उसे हरिश्चंद्र घाट से गिरफ्तार कर लिया। मामले में जांच जारी है और मोबाइल बरामदगी के प्रयास हो रहे हैं।
वाराणसी: लक्सा थाना क्षेत्र स्थित औरंगाबाद यादव गली में एक महिला की हत्या कर भागने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अवैध संबंध के शक में अपनी साथी का गला दबाकर हत्या कर दी। 150 से ज्यादा सीसीटीवी खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपी को हरिश्चंद्रघाट से गिरफ्तार कर लिया।
शक और विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका पूनम शर्मा (35) और आरोपी मनोज शर्मा (50) के बीच लंबे समय से संबंध थे। वर्ष 2021 में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जिसके बाद पूनम अपने पति किशन विश्वकर्मा और दो बच्चों को छोड़कर मनोज के साथ रहने लगी थी। हालांकि, समय के साथ दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा। आरोपी को शक था कि पूनम किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बातचीत करती है, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
गला दबाकर की हत्या, मोबाइल लेकर हुआ फरार
घटना की रात विवाद इतना बढ़ गया कि मनोज शर्मा ने गुस्से में आकर पूनम का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मृतका का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।
150 CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस
हत्या के बाद आरोपी पूरी रात पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग जगहों पर छिपता रहा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए करीब 150 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार ट्रैकिंग के बाद आरोपी की लोकेशन हरिश्चंद्र घाट पर मिली, जहां से उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
किराये के मकान में साथ रहते थे दोनों
जानकारी के अनुसार, मनोज शर्मा मूल रूप से तिलभांडेश्वर, भेलूपुर का निवासी है और तीन भाइयों में से एक है। जनवरी माह से वह पूनम और अपने भाई सुनील के साथ औरंगाबाद यादव गली स्थित एक मकान में किराये पर रह रहा था। वह आसपास के लोगों से पूनम को अपनी पत्नी बताता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हत्या के समय मृतका का मोबाइल अपने साथ ले लिया था, जिसकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पूरे मामले की गहन जांच जारी है ताकि हत्या के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।
