Movie prime

नोएडा में पुलिस मुठभेड़ में रणदीप भाटी गैंग का शूटर ढेर, 50 हजार का था इनामी; दो पुलिसकर्मी घायल

नोएडा के सेक्टर-126 थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान रणदीप भाटी गैंग का शूटर अमन उर्फ माया त्यागी मारा गया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम था। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल हुए। जानें बदमाश का आपराधिक इतिहास और 2019 के एनकाउंटर का पूरा मामला।

 
नोएडा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नोएडा। नोएडा के सेक्टर-126 थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में रणदीप भाटी गैंग का शूटर अमन त्यागी उर्फ माया मारा गया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से हुई गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि घायल बदमाश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

डीसीपी प्रीति यादव के मुताबिक, 31 अक्टूबर की शाम एसओजी टीम और सेक्टर-126 थाना पुलिस इलाके में तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान चेकिंग के लिए एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि बाइक सवार ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश भी गोली लगने से घायल हो गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई बदमाश की मौत

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मौके को घेर लिया और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान बदमाश की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी अमन त्यागी उर्फ माया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

डीसीपी ने बताया कि हाल ही में अमन त्यागी ने अपने साथियों के साथ थाना बादलपुर क्षेत्र में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में केस दर्ज है और कानूनी कार्रवाई चल रही है।

2019 में भी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था माया

अमन उर्फ माया त्यागी इससे पहले भी पुलिस मुठभेड़ का सामना कर चुका था। साल 2019 में फेज-2 थाना पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।

बताया जाता है कि माया त्यागी ने मुजफ्फरनगर में हत्या समेत कई गंभीर वारदातों को अंजाम दिया था। रॉबिन त्यागी के साथ उसकी निजी दुश्मनी थी। बाद में वह रॉबिन के साथ मिलकर गैंग चलाने लगा। कुछ समय बाद रॉबिन की दोस्ती रणदीप भाटी से हो गई। पुलिस से बचने के लिए माया भी रणदीप भाटी गैंग से जुड़ गया और ग्रेटर नोएडा में छिपकर रहने लगा।

रणदीप भाटी गैंग में अहम भूमिका निभाता था माया

माया त्यागी को रॉबिन और रणदीप भाटी, दोनों गैंग का शार्पशूटर बताया जाता था। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा में देवेंद्र भाटी और झुम्मनपुरा के एक ठेकेदार की हत्या के साथ जुनपत में हुए दोहरे हत्याकांड में भी उसकी मुख्य भूमिका बताई गई थी।

इससे पहले पिछले महीने गाजियाबाद में भी पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान हार्डवेयर कारोबारी की हत्या के आरोपी बिलाल को पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगी थी।