शामली में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी नफीस ढेर, ₹1 लाख का था इनामी
शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में शनिवार सुबह हुई पुलिस मुठभेड़ में ₹1 लाख का इनामी बदमाश नफीस मारा गया। वह कांधला थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उस पर लूट, गैंगस्टर एक्ट, नकली करेंसी और हत्या के प्रयास जैसे 34 आपराधिक मामले दर्ज थे। नफीस लंबे समय से फरार चल रहा था और तीन मामलों में वांछित था।
एसपी शामली एन.पी. सिंह के अनुसार, सुबह कांधला पुलिस भभीसा चौकी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखते ही दोनों ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें नफीस गोली लगने से घायल हो गया।
उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमों ने इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया है।
कौन था नफीस?
मारा गया बदमाश नफीस पुत्र मूदा, शामली जिले के कांधला कस्बे के मोहल्ला खैल का रहने वाला था। वह थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर था और पुलिस की निगरानी सूची में शामिल था। उसके खिलाफ दर्ज मामलों में हत्या, लूट, जानलेवा हमला, गैंगस्टर एक्ट, और नकली करेंसी जैसे संगीन अपराध शामिल थे।
मुठभेड़ के दौरान हुई बरामदगी
पुलिस ने घटनास्थल से कई हथियार और गोला-बारूद जब्त किए हैं —
-
एक पिस्टल (.32 बोर)
-
एक खोखा और पाँच जिंदा कारतूस
-
एक तमंचा (.315 बोर)
-
दो खोखे कारतूस
-
एक मोटरसाइकिल
पुलिस अधिकारी बाल-बाल बचे
मुठभेड़ के दौरान कांधला थाना प्रभारी सतीश कुमार पर बदमाशों ने गोली चलाई थी, जो उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इससे वे सुरक्षित बच गए। एसपी ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें नफीस घायल होकर गिर पड़ा।
एसपी एन.पी. सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। फरार साथी की तलाश में कई टीमों को लगा दिया गया है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
