भाग्य लक्ष्मी ऐप से चल रहा था ऑनलाइन जुआ, पुलिस रेड में संचालक समेत 6 गिरफ्तार
वाराणसी: सारनाथ थाना पुलिस और एसओजी-दो की संयुक्त टीम ने पंचकोशी चौराहा के पास पैगंबरपुर स्थित एक मकान में छापेमारी कर ऑनलाइन जुए के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। ऑनलाइन जुए का ये पुरा खेल भाग्य लक्ष्मी ऐप के जरिए संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान संचालक समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
हेल्पलाइन सूचना पर हुई रेड
थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी के अनुसार, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और जुआ खेलते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 6,565 रुपये नकद और छह एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए, जिनके जरिए ऑनलाइन जुआ खेला जा रहा था।
संचालक समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में संचालक समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में अभिषेक राजभर, अजीत चौहान, दिव्यांशु सोनकर, मनोज पटेल (संचालक), रवि चौहान और विष्णु शामिल हैं। ये सभी अलग-अलग इलाकों से जुड़े हुए हैं, जिनमें पांडेयपुर, पंचकोशी, खजुही और हुकुलगंज क्षेत्र शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
कैसे चल रहा था ‘भाग्य लक्ष्मी ऐप’ का खेल?
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ‘भाग्य लक्ष्मी ऐप’ के जरिए ऑनलाइन जुआ खेल रहे थे। मोबाइल फोन के माध्यम से यह अवैध गतिविधि संचालित की जा रही थी, जिसमें लोगों को लालच देकर पैसे लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
