Movie prime

रिटायर्ड फौजी ने पत्नी की हत्या कर शव के किए टुकड़े, प्रेशर कुकर में उबालकर झील में फेंका

 
रिटायर्ड फौजी ने पत्नी की हत्या कर शव के किए टुकड़े, प्रेशर कुकर में उबालकर झील में फेंका
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

हैदराबाद I तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां मीरपेट इलाके में एक रिटायर्ड फौजी ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने शव के टुकड़े कर उन्हें प्रेशर कुकर में उबाला और बाद में झील में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

शादीशुदा जिंदगी में थे विवाद
आरोपी गुरु मूर्ति (45) सेना से रिटायर होने के बाद हैदराबाद स्थित डीआरडीओ में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहा था। वह अपनी पत्नी वेंकट माधवी (35) और दो बच्चों के साथ मीरपेट के न्यू वेंकटेश्वरा नगर कॉलोनी में रहता था। जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच अकसर झगड़े होते रहते थे।

पत्नी की गुमशुदगी का किया नाटक
18 जनवरी को गुरु मूर्ति ने अपनी पत्नी वेंकट माधवी के लापता होने की सूचना उसके परिवार को दी। इसके बाद माधवी के परिजनों ने मीरपेट पुलिस स्टेशन में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इस दौरान आरोपी ने अनजान बनने का नाटक किया और पुलिस के साथ पत्नी की तलाश में सहयोग भी किया।

सख्ती से पूछताछ में उगले राज
पुलिस को गुरु मूर्ति पर शक हुआ, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि झगड़े के बाद उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के टुकड़े किए और उन्हें प्रेशर कुकर में उबालकर झील में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आरोपी पुलिस हिरासत में है और शव के टुकड़ों की तलाश के लिए झील में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।