कोडीन कफ सिरप का बड़ा सप्लायर सत्येंद्र साहू गिरफ्तार, सिंडिकेट के सरगना से जुड़े थे तार
वाराणसी में कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार में वांछित राजा मेडिकल एजेंसी संचालक सत्येंद्र साहू को सारनाथ पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी ने 65 लाख रुपये की 40 हजार बोतल कफ सिरप की खरीद-फरोख्त की थी। पुलिस अब पूरे ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
वाराणसी: कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले में वांछित आरोपी और राजा मेडिकल एंड सर्जिकल एजेंसी के संचालक सत्येंद्र कुमार साहू को सारनाथ पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सारनाथ क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में करीब 65 लाख रुपये मूल्य की 40-40 हजार बोतल कफ सिरप की अवैध खरीद और बिक्री की गई थी।
40 हजार बोतल खरीदकर आगे सप्लाई करता था
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि प्रयागराज के मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र स्थित मालवीय नगर निवासी सत्येंद्र साहू ने शैली ट्रेडर्स से 40 हजार बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप खरीदा था। इसके बाद उसने यह खेप सारनाथ स्थित पीडी फार्मा के संचालक विष्णु पांडेय को बेच दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस अवैध नेटवर्क का सक्रिय हिस्सा था।
ड्रग सिंडिकेट के सरगना से जुड़े थे तार
पुलिस जांच में सामने आया कि सत्येंद्र साहू, इस मामले के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल और शैली ट्रेडर्स के प्रोपराइटर भोला प्रसाद के साथ मिलकर अवैध कफ सिरप कारोबार संचालित कर रहा था। शुभम जायसवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही सत्येंद्र फरार चल रहा था और लगातार ठिकाने बदल रहा था।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शैली ट्रेडर्स से कफ सिरप खरीदकर पीडी फार्मा के जरिए सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। आरोपी के करीबी सहयोगियों को भी पुलिस ने रडार पर ले लिया है।
ड्रग इंस्पेक्टर की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
इस पूरे मामले में 18 दिसंबर 2025 को ड्रग इंस्पेक्टर जुनाब अली की शिकायत पर सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पीडी फार्मा सहित कई फर्मों द्वारा कूटरचित दस्तावेजों के जरिए कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध बिक्री का खुलासा हुआ था।
इस मामले में पीडी फार्मा के संचालक विष्णु पांडेय, लोकेश अग्रवाल, प्रतीक गुजराती, सुरेशचंद्र गुप्ता, फैजुर रहमान और मोहम्मद सैफ सहित कई आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, कुछ अन्य आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
सारनाथ पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही इस अवैध ड्रग सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
