Movie prime

बेटे की चाहत में हैवानियत! 8 महीने की गर्भवती पत्नी को पीटा, करंट लगाया, गर्भ में पल रही बच्ची की मौत

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तराखंड के देहरादून से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। विकासनगर के सहसपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति ने बेटे की चाहत में अपनी 8 महीने की गर्भवती पत्नी के साथ ऐसी क्रूरता की, जिससे गर्भ में पल रही बच्ची की मौत हो गई। आरोप है कि पति ने पत्नी के पेट पर लात-घूंसों से हमला किया और उसे करंट भी लगाया, ताकि गर्भ में पल रही बच्ची को नुकसान पहुंचाया जा सके।

जानकारी के मुताबिक, महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज दून अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर मृत बच्ची को गर्भ से बाहर निकाला। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले आरोपी पति महिला को हरियाणा के पानीपत ले गया था, जहां अवैध रूप से भ्रूण का लिंग परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट में गर्भ में बेटी होने की जानकारी मिलने के बाद वह गुस्से में आ गया।

दो बेटियों के बाद बढ़ी प्रताड़ना

बताया जा रहा है कि देहरादून निवासी सीमा की शादी सात साल पहले पानीपत निवासी बबलू से हुई थी। दंपति की पहले से दो बेटियां हैं। परिजनों के अनुसार, बेटा न होने की वजह से आरोपी लंबे समय से पत्नी को प्रताड़ित करता था।

आरोप है कि बेटी होने की पुष्टि के बाद आरोपी ने गर्भवती पत्नी को बेरहमी से पीटा, डंडों से हमला किया और करंट लगाकर उसकी हत्या की कोशिश की।

पिता की शिकायत पर पहुंची पुलिस

पीड़िता के पिता शेर सिंह को जब घटना की जानकारी मिली तो वे बेटी से मिलने पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन्हें मिलने नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई।

ऑपरेशन के दौरान हुआ दर्दनाक खुलासा

गंभीर रूप से घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर दून अस्पताल रेफर किया गया। जांच में डॉक्टरों ने बताया कि गर्भ में पल रही बच्ची की मौत हो चुकी है। मंगलवार को ऑपरेशन कर मृत शिशु को बाहर निकाला गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, अवैध लिंग परीक्षण और गर्भवती महिला के साथ क्रूरता को लेकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।