रुड़की में सनसनीखेज वारदात: युवक ने दो सगी बहनों को मारी गोली, जीजा की हालत गंभीर
उत्तराखंड के रुड़की से मंगलवार देर शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने अलग-अलग स्थानों पर अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में एक बहन का पति यानी आरोपी का जीजा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें दोनों घटनास्थलों पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
गोली लगने से दो बहनों की मौत, जीजा गंभीर
फायरिंग की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गोली लगने से पुष्पा के पति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
एक ही परिवार की दो सगी बहनों की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में मातम छा गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों घटनास्थलों को सुरक्षित कर वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों और उसके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
पुलिस परिवार के सदस्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है।
पारिवारिक विवाद की आशंका, वजह की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना के पीछे पारिवारिक विवाद होने की आशंका है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी हत्या की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच आगे बढ़ने के बाद ही वारदात के पीछे की पूरी कहानी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता फरार आरोपी को गिरफ्तार करना और यह पता लगाना है कि आखिर किस वजह से उसने अपनी ही दो सगी बहनों की हत्या कर दी।
