इंदौर I होलकर स्टेडियम में चल रहे महिला विश्व कप क्रिकेट मैच के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया की दो महिला क्रिकेटरों के साथ होटल से कैफे जाते समय छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब दोनों खिलाड़ी रेडिसन होटल से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित कैफे की ओर पैदल जा रही थीं। इस दौरान एक बाइक सवार ने दोनों के साथ छेड़खानी की और गलत तरीके से छूने की कोशिश की।
घटना की जानकारी मिलते ही सहमी हुई महिला खिलाड़ियों ने अपने सुरक्षा अधिकारी को सूचित किया। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई, जिसके बाद छह थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। एक राहगीर ने बाइक सवार का नंबर नोट कर लिया था, वहीं एक कार सवार ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्ग के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। दोनों महिला क्रिकेटरों ने फुटेज में आरोपी की पहचान की। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने आजाद नगर निवासी अकील को शाम तक गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी अकील के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इस घटना को लेकर पुलिस की इंटेलिजेंस पर भी सवाल उठे हैं, क्योंकि होटल के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। घटना की जानकारी क्रिकेट बोर्ड और जिला प्रशासन को दे दी गई है। इसके बाद होटल और होलकर स्टेडियम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, खासकर तब जब अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन चल रहा हो।