श्रेया उपाध्याय हत्याकांड: मुख्य आरोपी विवेक चौबे पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
वाराणसी के श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक चौबे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जगतदेवपुर के पास हुई कार्रवाई में विवेक के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से .315 बोर का तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किया। मामले में दो आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके हैं।
वाराणसी: श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी विवेक चौबे को राजातालाब पुलिस ने सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जगतदेवपुर के पास चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जक्खिनी भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विवेक चौबे उर्फ निखिल पुत्र राम सहाय चौबे, निवासी नियार डीह, थाना चोलापुर, वाराणसी के रूप में हुई है। उसकी उम्र 29 वर्ष बताई गई है।
18 अगस्त को लापता हुई थी श्रेया
पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय ग्राम मरुई, थाना राजातालाब की रहने वाली थीं। 18 अगस्त 2026 को उनके लापता होने की सूचना मिली थी। इसके दो दिन बाद 20 अगस्त को उनका शव रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में बरामद हुआ था।
मामले में राजातालाब थाने में केस दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। इसके बाद राजातालाब थाना पुलिस और एसओजी की चार टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पहले दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने 24 अगस्त को मुठभेड़ के दौरान पुनीत मिश्रा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 27 अगस्त को राजातालाब पुलिस ने रामसहाय चौबे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, मुख्य आरोपी विवेक चौबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
जगतदेवपुर के पास पुलिस से हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर को राजातालाब पुलिस टीम मुकदमे से जुड़े वांछित आरोपियों की तलाश और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले से जुड़ा एक आरोपी जगतदेवपुर की तरफ से गुजरने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जगतदेवपुर के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर पैदल भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा कर पकड़ने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद वह मौके पर गिर गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हत्या की बात कबूली
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में विवेक चौबे उर्फ निखिल ने बताया कि श्रेया की शादी कहीं और तय होने से वह नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने अपने साथी पुनीत मिश्रा के साथ मिलकर 18 अगस्त को श्रेया की हत्या की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर मिले साक्ष्यों और तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने विवेक चौबे के पास से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में राजातालाब थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार के साथ उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राजेश मौर्य, उपनिरीक्षक सुनील यादव, उपनिरीक्षक रोहित दूबे, कांस्टेबल राजू सोनकर, कांस्टेबल देवानंद, कांस्टेबल रोहित वर्मा, हेड कांस्टेबल चालक गिरजा शंकर और रिक्रूट कांस्टेबल चंदन मौर्या शामिल रहे।
