मथुरा में सपा नेता की पीट-पीटकर हत्या, 24 घंटे में पुलिस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी घायल
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। थाना रिफाइनरी क्षेत्र में जमीन को लेकर हुए विवाद में समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता सेनापति कुंतल और उनके बेटे पर हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल सेनापति कुंतल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अस्पताल में उपचाराधीन है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते नामजद आरोपियों ने सेनापति कुंतल और उनके बेटे पर लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सेनापति कुंतल ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम लगातार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
इसी दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी योगेंद्र पहलवान के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। वहीं एक अन्य नामजद आरोपी समय सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक कार, लोहे की सरिया, दो तमंचे तथा जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में शामिल अन्य फरार लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के इस मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
