वाराणसी में दुकान के बाहर सो रहे लोगों पर पथराव, साड़ी कारीगर की मौत; 2 की हालत गंभीर
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार तड़के उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दुकान के बाहर सो रहे तीन लोगों पर हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में साड़ी कारीगर पप्पू विश्वकर्मा (40) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुई।
जानकारी के मुताबिक, हनुमान फाटक निवासी पप्पू विश्वकर्मा साड़ी का पत्ता काटने का काम करते थे। रात में काम खत्म करने के बाद वह अपनी दुकान के बाहर सो गए थे। उनके पड़ोस में पान दुकानदार अशोक पासी उर्फ बाबा और गणेशु कनौजिया भी अपनी-अपनी दुकानों के सामने सो रहे थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार भोर करीब तीन बजे हमलावरों ने अचानक तीनों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पप्पू विश्वकर्मा के सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अशोक पासी गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि गणेशु कनौजिया को मामूली चोटें आईं। दोनों घायलों को उपचार के लिए मंडली अस्पताल भेजा गया।
बचाने पहुंचे लोगों पर भी किया पथराव
हमले के बाद आसपास के लोग जब मदद के लिए पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। इससे लोग पीछे हट गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कराया। एडीसीपी वैभव बांगर और एसीपी कोतवाली समेत पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुराने विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ दिन पहले इन लोगों का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। हालांकि, अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
