Movie prime

पहले अपने पति को संभालो…इस एक जवाब पर भड़की ननद, भाभी को उतारा मौत के घाट, दो दिन बाद खुद कबूला जुर्म

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और भाभी के बीच कथित अवैध संबंधों के शक में भाभी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद परिवार ने इसे हादसा बताकर छिपाने की कोशिश की, लेकिन दो दिन तक अपराधबोध से परेशान रहने के बाद आरोपी ननद खुद पुलिस के पास पहुंची और पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, यह वारदात 12 जुलाई की दोपहर अहमदनगर इलाके में हुई। आरोपी महिला रिम्शा ने पूछताछ में बताया कि उसे लंबे समय से शक था कि उसके पति और भाभी निदा उर्फ सोनी के बीच करीबी संबंध हैं। घटना वाले दिन उसने भाभी को अपने पति से बातचीत करते देख लिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

रिम्शा का कहना है कि उसने भाभी से उसके पति से दूरी बनाने को कहा, लेकिन जवाब मिला, "पहले अपने पति को संभालो, फिर दूसरों पर आरोप लगाना।" इसी बात से गुस्साई रिम्शा ने रसोई से चाकू उठाया और भाभी के सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल निदा की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की कहानी गढ़कर मामला दबाने की कोशिश

घटना के बाद परिवार के लोग घायल महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को बताया गया कि महिला फर्श पर गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि, शव पर मिले गहरे घावों और खून के निशानों ने इस कहानी पर सवाल खड़े कर दिए।

इधर, पड़ोसियों की सूचना पर मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे तो उन्होंने घर के अंदर खून से लथपथ शव देखा। इसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

दो दिन तक नहीं आई नींद, फिर थाने पहुंचकर कबूला जुर्म

शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने भी हादसे की बात दोहराई, लेकिन घटना के दो दिन बाद वह खुद थाने पहुंच गई। पुलिस के सामने उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए कहा कि अपराधबोध के कारण उसे लगातार नींद नहीं आ रही थी।

चार साल पुराने रिश्ते पर था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका के कथित तौर पर अपने ननदोई से पिछले करीब चार वर्षों से संबंध होने का शक था। बताया जा रहा है कि कपड़ों के कारोबार के सिलसिले में आरोपी का पति अक्सर घर आता-जाता था, इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई। करीब आठ महीने पहले रिम्शा की शादी उसी युवक से हुई थी, लेकिन इसके बाद भी बातचीत जारी रहने को लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था।

चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपी रिम्शा को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। वहीं, घटना के बाद मृतका का पति और ससुराल पक्ष के कुछ सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस फरार परिजनों की तलाश में जुटी है।