मुझे ले जाओ वरना मार देंगे…मेरठ में पिता बना हैवान, दूसरी पत्नी संग मिलकर बेटी को गला घोंट कर मार डाला
मेरठ से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता पर अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर 17 वर्षीय बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। हत्या के बाद परिवार ने आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका के मामा को घटना की जानकारी मिली और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सौतेली मां से पूछताछ जारी है।
मोबाइल और लड़कों से बात करने पर जताई नाराजगी
पुलिस पूछताछ में आरोपी पिता कपिल भारद्वाज ने बताया कि उसकी बेटी खुशी उर्फ खुशबू मोबाइल फोन इस्तेमाल करती थी और लड़कों से बातचीत करती थी। इसी बात से नाराज होकर उसने बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद का एंगल भी सामने आया है। आशंका जताई जा रही है कि बेटी को संपत्ति में हिस्सा न देना पड़े, इसलिए उसकी हत्या की गई।
गोकुलधाम सोसाइटी का मामला
घटना भावनपुर थाना क्षेत्र स्थित गोकुलधाम सोसाइटी की है। जानकारी के मुताबिक कपिल भारद्वाज की पहली शादी साल 2009 में प्रीति नाम की महिला से हुई थी। प्रीति की मौत वर्ष 2017 में हो गई थी। इसके कुछ महीनों बाद कपिल ने पिंकी नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली।
सोमवार रात खुशी की मौत हो गई और परिवार ने बिना किसी को जानकारी दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
मामा को फोन से मिली जानकारी
मृतका के मामा भूपेंद्र शर्मा, जो हापुड़ के रहने वाले हैं, को किसी परिचित ने फोन कर खुशी की मौत की जानकारी दी। जब तक वह मेरठ पहुंचे, तब तक अंतिम संस्कार किया जा चुका था।
इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कपिल और उसकी दूसरी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और कुछ घंटों के भीतर आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया।
सामने आया डराने वाला ऑडियो
इस मामले में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। बताया जा रहा है कि यह ऑडियो खुशी और उसकी मौसी के बीच हुई बातचीत का है।
ऑडियो में खुशी अपनी मौसी से कह रही है कि मामा से बोल दो कि वे उसे अपने साथ ले जाएं, वरना घर वाले उसे मार देंगे।
मामा भूपेंद्र शर्मा का कहना है कि अगर उन्होंने उस समय खुशी की बात को गंभीरता से लिया होता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।
सौतेली मां से पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी की दूसरी पत्नी पिंकी को भी हिरासत में लिया है। शुरुआती पूछताछ में वह बीमारी से मौत होने की बात कहकर पुलिस को गुमराह करती रही। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
